कमलनाथ ने श्योपुर में किसानों से पिटाई का वीडियो शेयर किया;  बोले-एक महीने की भाजपा सरकार में किसानों का दमन शुरू


- श्योपुर में गेहूं का सैंपल फेल होने पर किसान रोने लगा, दूसरे किसानों ने उसे समझाइश दी।
-पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्विटर के जरिए शिवराज सरकार पर साधा निशाना 

भोपाल/श्योपुर। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की एक महीने की सरकार में किसानों का दमन फिर से शुरू हो गया है। उन्होंने दो दिन पहले श्योपुर में खरीदी केंद्र पर किसान के साथ तहसीलदार व अधिकारियों द्वारा मारपीट का वीडियो ट्विटर पर शेयर किया है। उन्होंने बीते हफ्ते जबलपुर में पुलिस की पिटाई से हुई किसान की मौत का जिक्र करते हुए कहा कि एक महीने की सरकार में ही किसानों का दमन शुरू हो गया है।


कमलनाथ ने ट्वीट किया- 


कांग्रेस किसानों की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेगी : कमलनाथ 
कमलनाथ ने कहा कि एक के बाद किसानों के दमन की घटनाएं हो रही हैं। अब श्योपुर जिले के सलमान्या सायलो गेहूं खरीदी केंद्र पर अन्नदाता किसानों पर अधिकारियों द्वारा बेरहमी से लाठीचार्ज किया गया। कांग्रेस किसान भाइयों का दमन बर्दाश्त नहीं करेगी। हम सड़क से सदन तक इसके विरोध में लड़ाई लड़ेंगे। श्योपुर घटना के दोषी अधिकारियों पर अविलंब कड़ी से कड़ी कार्यवाही हो, घायल किसान का समुचित इलाज सरकार कराए और खरीदी केंद्रों पर हो रही अव्यवस्था को तत्काल दूर किया जाए।
किसान पुलिस थाने पहुंचे और तहसीलदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करने लगे।


कांग्रेस विधायक ने मुख्यमंत्री को अपशब्द कहे
सलमान्या के सायलो खरीद केंद्र पर शनिवार को किसान से हुई मारपीट के मामले कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियों में वे लॉकडाउन का उल्लंघन कर किसानों की सभा को संबोधित कर रहे हैं। अपने भाषण में वे मुख्यमंत्री के लिए अपशब्द कह रहे हैं। जंडेल किसानों को संबोधित करते हुए कह रहे हैं कि मुख्यमंत्री ने पहले कहा कि वे समर्थन मूल्य पर मिट्टी भी खरीद लेंगे। इसके बाद जंडेल अपशब्द बोलते हैं।


ये थी घटना 
श्योपुर के सायलो केन्द्र सलमान्या पर शनिवार को सैंपल फेल होने के बाद कुछ किसानों ने हंगामा कर दिया। इसे रोकने के लिए मौके पर तहसीलदार शिवराज मीणा पहुंचे। यहां पांडोला के किसान रमेश सुमन का सैंपल फेल हुआ था। तहसीलदार के अनुसार उक्त किसान अन्य किसानों को साथ लेकर हाईवे पर चक्काजाम करने जा रहे थे, जिन्हें रोका गया और समझाइश के बाद बीच में लगाई गई ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटाया गया ताकि खरीदी शुरू हो सके। यहां किसान ने ट्रैक्टर-ट्रॉली सायलो केन्द्र के बीच में खड़ी कर दी थी। इधर, किसान रमेश सुमन व अन्य किसानों का कहना है कि मौके पर आए तहसीलदार शिवराज मीणा ने उसकी मारपीट कर दी। वहीं पूर्व विधायक बृजराज सिंह रविवार को इस मामले में पांडोला निवासी ड्राइवर रमेश सुमन (जो खुद भी किसान है) को लेकर एएसपी के पास पहुंच गए। यहां उन्होंने तहसीलदार पर मारपीट किए जाने के मामले में एफआईआर की मांग की।