आजादी की लड़ाई में भाग लिया नहीं, लगा रहे नेहरू जी पर आरोप: सज्जन वर्मा


- शिवराज के नेहरू पर उड़ीसा में दिए बयान पर पलटवार

इंदौर। मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि जिन लोगों के बाप-दादाओं ने आजादी की लड़ाई में भाग नहीं लिया, वे लोग नेहरू जी पर आरोप लगा रहे हैं। वर्मा ने कांग्रेस के कुछ नेताओं द्वारा धारा 370 हटाने के पक्ष में दिए गए बयानों का भी बचाव किया।
वर्मा ने रविवार को कहा कि जम्मू कश्मीर में भय और आतंक के साए में अनुच्छेद 370 के कुछ प्रावधानों को समाप्त किया गया। इसमें संवैधानिक प्रक्रिया का पालन भी नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि जो लोग अनुच्छेद 370 के मामले में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू जी पर आरोप लगा रहे हैं, उन्होंने न स्वयं और ना ही उनके बाप-दादाओं ने भारत की आजादी की लड़ाई में भाग लिया है। कांग्रेस के ज्योतिरादित्य सिंधिया, मिलिंद देवड़ा, पूर्व सांसद दीपेंदर सिंह हुड्डा द्वारा जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने का समर्थन करने के संबंध में वर्मा ने कहा कि यह उनके व्यक्तिगत बयान थे। भाजपा द्वारा सिंधिया पर डोरे डालने के सवाल पर कहा कि सिंधिया जी कांग्रेस के मजबूत स्तंभ हैं, उल्टा वे 4-5 भाजपा विधायकों को कांग्रेस में ला सकते हैं।
शनिवार को ओडिशा में मप्र के पूर्व सीएम शिवराज ने कहा था कि जवाहरलाल नेहरू एक अपराधी हैं, इसके दो कारण हैं। पहला यह कि जब भारतीय फौज कश्मीर से पाकिस्तानी कबाइलियों को खदेड़ते हुए आगे बढ़ रही थी, ठीक उसी वक्त संघर्ष विराम का ऐलान कर दिया। दूसरा कारण नेहरू ने जम्मू-कश्मीर में आर्टिकल-370 लागू किया। एक देश में दो निशान, दो विधान और दो प्रधान कैसे अस्तित्व में रह सकते हैं? यह केवल देश के साथ नाइंसाफी नहीं, बल्कि अपराध भी है।