कोरोना दुनिया में LIVE / ट्रम्प ने कहा- अगर भारत और चीन ज्यादा जांच करें तो उनके यहां अमेरिका से ज्यादा संक्रमित निकलेंगे; दुनिया में अब तक 68.63 लाख संक्रमित

कोरोना दुनिया में LIVE / ट्रम्प ने कहा- अगर भारत और चीन ज्यादा जांच करें तो उनके यहां अमेरिका से ज्यादा संक्रमित निकलेंगे; दुनिया में अब तक 68.63 लाख संक्रमित



 




  • दुनिया में अब तक 3 लाख 98 हजार 499 लोगों की मौत, जबकि 33.61 लाख ठीक हुए

  • अमेरिका में 19.65 लाख से ज्यादा संक्रमित, 1 लाख 11 हजार 390 लोगों की मौत हुई


वॉशिंगटन. दुनिया में संक्रमितों का आंकड़ा 68 लाख 63 हजार 44 हो गया है। कुल 33 लाख 61 हजार 787 लोग स्वस्थ हुए। 3 लाख 98 हजार 499 लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अगर भारत और चीन जैसे देश ज्यादा जांच करें तो उनके यहां कोरोना के मामले अमेरिका से ज्यादा निकलेंगे। एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि अमेरिका में अभी तक दो करोड़ से ज्यादा लोगों की जांच हो चुकी है


कोरोनावायरस : 10 सबसे ज्यादा प्रभावित देश








































































देश


कितने संक्रमितकितनी मौतेंकितने ठीक हुए
अमेरिका19, 65,7081,11,3907,38,646
ब्राजील6,46,006 35,047 2,88,652
रूस 4,49,834 5,5282,12,680
स्पेन 2,88,05827,134उपलब्ध नहीं
ब्रिटेन 2,83,31140,261 उपलब्ध नहीं
भारत2,36,1846,6491,13,231
इटली2,34,53133,7741,63,781
पेरू1,87,400 5,16279,214
जर्मनी1,85,4148,763 1,68,500
तुर्की1,68,3404,648 1,33,400

ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।


चीन ने अपने नागरिकों से कहा- ऑस्ट्रेलिया की यात्रा से परहेज करें
चीन ने अपने नागरिकों को ऑस्ट्रेलिया न जाने की सलाह दी है। चीन के कल्चर एंड टूरिज्म मिनिस्ट्री ने नागरिकों को चेतावनी देते हुए कहा कि हाल ही में कोरोनावायरस के कारण ऑस्ट्रेलिया में चीनी और एशियाई लोगों के खिलाफ नस्लीय भेदभाव और हिंसा बढ़ी है। इसके साथ ही उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले चीनियों से भी सतर्क रहने को कहा है। 


ऑस्ट्रेलिया के पर्यटन मंत्री साइमन बर्मिंघम ने चीन की इस चेतावनी की जवाब दिया है। एबीसी न्यूज के मुताबिक साइमन ने कहा, ‘‘ऑस्ट्रेलिया दुनिया का सबसे सफल मल्टीकल्चरल माइग्रेंट सोसाइटी है। चीनी-ऑस्ट्रेलियाई समुदाय का भी इसमें महत्वपूर्ण योगदान है


डब्ल्यूएचओ : दक्षिण एशिया पर खतरा
डब्ल्यूएचओ ने कहा है कि दक्षिण एशिया की घनी आबादी वाले क्षेत्रों में कोविड-19 के बड़े पैमाने पर फैलने का खतरा है। डब्ल्यूएचओ की इमरजेंसी हेल्थ सर्विस डायरेक्टर माइकल रयान ने कहा, "दक्षिण एशिया में सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि बंगलादेश, पाकिस्तान और इस क्षेत्र के दूसरे देशों में महामारी अब तक बड़े पैमाने पर नहीं फैली है। लेकिन, हम मानते हैं कि ऐसा होने का खतरा है। जिस तरह का इसका ट्रेंड है, उसके हिसाब से यह कभी भी खतरनाक साबित हो सकती है। इसका कम्युनिटी ट्रांसफर हो सकता है।


चिली : 4207 नए मामले 
चिली में मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। 24 घंटों में यहां 4207 नए मामले सामने आए। संक्रमितों की संख्या 1 लाख 22 हजार 499 हो गई। 24 घंटे के दौरान ही 92 और लोगों की मौत हुई। मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 1448 तक पहुंच गया। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा- 1521 मरीजों को आईसीयू में रखा गया है। 1291 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। 337 मरीजों की हालत गंभीर है। 


मैक्सिको : यहां भी मुश्किल
लैटिन अमेरिका में संक्रमण बहुत तेजी से बढ़ रहा है। ब्राजील और पेरू के बाद अब मैक्सिको में भी हालात बिगड़ रहे हैं। 24 घंटे में यहां 4346 नए मामले सामने आए। इसी दौरान 625 लोगों की मौत हो गई। अब यहां एक लाख 10 हजार से ज्यादा मरीज हो चुके हैं। मरने वालों का आंकड़ा बी 13 हजार 170 हो गया है। सरकार का कहना है कि महामारी से निपटने के जितने उपाय किए गए हैं, उनके बेहतर नतीजे सामने आने लगे हैं। 


अमेरिका : प्रदर्शन से खतरा
अश्वेत नागरिक जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के बाद हो रहे विरोध प्रदर्शनों ने सरकार को मुश्किल में डाल दिया है। न्यूयॉर्क में स्थानीय प्रशासन जल्द ही उन लोगों से संपर्क कर सकता है जो इन विरोध प्रदर्शनों में शामिल हुए। यही राज्य अमेरिका में सबसे ज्यादा प्रभावित है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार कुछ नए टेस्टिंग सेंटर खोलने जा रही है जिनमें हर रोज 20 हजार टेस्ट किए जा सकेंगे। इनकी रिपोर्ट भी उसी दिन मिल जाएगी। अमेरिका में पिछले 24 घंटे में 922 लोगों की मौत हुई है।


ब्राजील: पिछले 24 घंटे में 1005 मौतें
ब्राजील में शुक्रवार को कोरोनावायरस के कारण 1005 लोगों की मौत हुई।  यहां अब तक 35 हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। ब्राजील ब्रिटेन को पछाड़कर दुनिया में दूसरा सबसे मौतों वाला देश बनने के करीब है। यहां पर संक्रमितों की संख्या 6.5 लाख के करीब पहुंच गई है। 


सऊदी अरब: अब फिर सख्ती
सऊदी अरब ने शुक्रवार को ऐलान किया कि जेद्दा शहर में दिन के 3 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू लगाया जाएगा। शनिवार से अगले 15 दिन तक यह नियम लागू रहेगा। 15 दिनों तक मस्जिदों में नमाज पढ़ने और ऑफिस जाने पर भी रोक रहेगी। इस दौरान रेस्टोरेंट और कैफे भी बंद रहंगे। शुक्रवार को देश में 2591 नए मामले सामने आए हैं। इनमें जेद्दा में सबसे ज्यादा 459 केस मिले हैं। देश में अब तक 95 हजार 748 मरीज मिल चुके हैं।