वंदे भारत मिशन का तीसरा दिन / खाड़ी देशों से केरल लौटे 2 भारतीय पॉजिटिव मिले, अलग-अलग देशों से आज 7 विमान और आएंगे

वंदे भारत मिशन का तीसरा दिन / खाड़ी देशों से केरल लौटे 2 भारतीय पॉजिटिव मिले, अलग-अलग देशों से आज 7 विमान और आएंगे





ये तस्वीर कोझिकोड एयरपोर्ट की है। रियाद से वंदे भारत मिशन की स्पेशल फ्लाइट 153 लोगों को लेकर शुक्रवार को कोझिकोड पहुंची थी।






  • मिशन के पहले दो दिन में 7 फ्लाइट आईं, सबसे ज्यादा 4 विमान केरल पहुंचे

  • शनिवार को ढाका से 129 भारतीयों को लेकर पहली फ्लाइट दिल्ली पहुंची

  • ऑपरेशन समुद्र सेतु के पहले फेज में मालदीव से 698 भारतीय लाए जा रहे


नई दिल्ली. कोरोनावायरस की वजह से विदेशों में फंसे भारतीयों को लाने के मिशन वंदे भारत का आज तीसरा दिन है। केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने बताया कि मिशन के पहले दिन (7 मई) को खाड़ी देशों से लौटे दो भारतीयों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें से एक दुबई से कोझिकोड और दूसरा अबू धाबी से कोच्चि आया था। अबू धाबी से आई पहली फ्लाइट के 181 भारतीयों में से 5 लोगों में कोरोना के लक्षण मिले थे। केरल में कोरोना मरीजों की संख्या 505 हो गई है।


शनिवार को पहली फ्लाइट ढाका से आई। यह करीब 3.45 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड हुई। इसमें 129 लोग आए हैं। आज अलग-अलग देशों से 7 फ्लाइट और आएंगी। इससे पहले मिशन के दूसरे दिन यानी शुक्रवार को 5 उड़ानों से भारतीयों की वापसी हुई। 


आज ये 7 फ्लाइट और आएंगी













































कहां से आएगीकहां पहुंचेगीपहुंचने का समय
कुवैतहैदराबादशाम 6.30 बजे
मस्कटकोच्चिरात 8.50 बजे
शारजाहलखनऊरात 8.50 बजे
कुवैतकोच्चिरात 9.15 बजे
कुआलालंपुरत्रिचीरात 9.40 बजे
लंदनमुंबईरात 1.30 बजे
दोहाकोच्चिरात 1.40 बजे

वंदे भारत मिशन से इमरजेंसी वाले लोगों को मदद मिल रही


वंदे भारत मिशन में सरकार बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, बीमारों या फिर उन लोगों को प्राथमिकता दे रही है जिनके घर में किसी की मौत हो गई है या फिर कोई गंभीर रूप से बीमार है। विदेश में फंसे ऐसे भारतीयों को वंदे भारत मिशन से बड़ा सहारा मिल रहा है। मस्कट से कोच्चि आ रहे एक यात्री ने बोर्डिंग से पहले बताया- "काम के दौरान मेरी आंख में चोट लग गई थी। मस्कट में डॉक्टरों ने ऑपरेशन करने से मना कर दिया, उन्होंने केरल में ऑपरेट करवाने की सलाह दी। मैं भारतीय दूतावास का आभारी हूं कि उन्होंने भारत लौटने में मेरी मदद की।"


मस्कट से कोच्चि आ रही एक महिला ने कहा-  मेरी मां आईसीयू में हैं। मैं भारत सरकार और मस्कट में भारतीय दूतावात की आभारी हूं कि उन्होंने भारत लौटने में मदद की।


8 मई को 5 उड़ानों से लोग भारत लौटे
वंदे भारत मिशन के दूसरे दिन यानी 8 मई को पहली फ्लाइट दोपहर 12 बजे दिल्ली पहुंची। इस फ्लाइट में सिंगापुर से 234 लोग आए। दूसरी फ्लाइट ढाका से 167 मेडिकल स्टूडेंट को लेकर श्रीनगर आई। तीसरी फ्लाइट रियाद से 153 लोगों को लेकर कोझिकोड पहुंची। बहरीन से कोच्चि और दुबई से चेन्नई आई उड़ानों में 182-182 लोग आए।


7 मई को दो उड़ानें आईं
मिशन के पहले दिन यानी 7 मई को पहली फ्लाइट अबू धाबी से 181 भारतीयों को लेकर कोच्चि पहुंची। इनमें से 5 लोगों में कोरोनावायरस के लक्षण दिखने पर उन्हें आइसोलेशन वार्ड में भेज दिया गया। दूसरी फ्लाइट दुबई से 182 यात्रियों को लेकर कोझिकोड आई।


दूसरा फेज 15 मई से शुरू होगा
वंदे भारत मिशन के तहत भारत लौट रहे लोगों को फ्लाइट का किराया और क्वारैंटाइन का खर्च खुद उठाना होगा। पहले फेज में 14 मई तक 12 देशों से 14 हजार 800 भारतीयों को लाने का प्लान है। मिशन का दूसरा फेज 15 मई से शुरू होगा। इस फेज में सेंट्रल एशिया और यूरोपीय देशों जैसे- कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, रूस, जर्मनी, स्पेन और थाईलैंड से भारतीयों को लाया जाएगा।


मालदीव से 698 लोग समुद्र के रास्ते आ रहे
विदेशों में फंसे भारतीयों को लाने के लिए सरकार ने ऑपरेशन समुद्र सेतु भी शुरू किया है। इसके पहले फेज में नेवी का जहाज आईएनएस जलाश्व मालदीव से 698 लोगों को लेकर शुक्रवार को रवाना हो चुका है। इसके 10 मई को कोच्चि पहुंचने की उम्मीद है।