वंदे भारत मिशन का पांचवां दिन / सैन फ्रांसिस्को से 118 भारतीयों को लेकर पहली फ्लाइट हैदराबाद पहुंची, अलग-अलग देशों से 6 विमान और आएंगे




वंदे भारत मिशन का पांचवां दिन / सैन फ्रांसिस्को से 118 भारतीयों को लेकर पहली फ्लाइट हैदराबाद पहुंची, अलग-अलग देशों से 6 विमान और आएंगे




  • अबू धाबी से भी एक फ्लाइट हैदराबाद पहुंचेगी, रात 9.30 बजे लैंड होने की उम्मीद

  • मिशन के पहले फेज में 14 मई तक 14 हजार 800 लोगों को लाने की योजना है


नई दिल्ली. कोरोना की वजह से विदेशों में फंसे भारतीयों की वतन वापसी के मिशन वंदे भारत का आज पांचवां दिन है। पहली फ्लाइट सैन फ्रांसिस्को से 118 भारतीयों को लेकर सुबह 9 बजकर 22 मिनट पर हैदराबाद में लैंड हुई। यह फ्लाइट मुंबई होते हुए आई। अलग-अलग देशों से आज 6 फ्लाइट और आएंगी। इनमें से एक फ्लाइट अबू धाबी से हैदराबाद आएगी। इसके रात 9.30 बजे पहुंचने की उम्मीद है। बाकी 5 फ्लाइट्स के लैंड होने का समय और किस फ्लाइट में कितने लोग आएंगे, ये जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।


आज ये 6 फ्लाइट और आएंगी


1. लंदन से दिल्ली-बेंगलुरु
2. ढाका से मुंबई
3. दुबई से कोच्चि
4. अबू धाबी से हैदराबाद
5. कुआलालंपुर से चेन्नई
6. बहरीन से कोझिकोड


पहले 4 दिनों में 3 हजार 908 लोग लौटे
वंदे भारत मिशन के पहले फेज में एयर इंडिया ग्रुप के विमानों को लगाया गया है। 14 मई तक 12 देशों से 14 हजार 800 भारतीयों को लाने का प्लान है। 10 मई तक 23 विमानों से 3 हजार 908 लोग लौट चुके हैं।


खाड़ी देशों से केरल आए 5 लोग कोरोना पॉजिटिव
केरल की स्वास्थ्य मंत्री के के शैलजा ने रविवार को ये जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नए पजिटिव मामलों में तीन वे लोग हैं जो 7 मई को अबू धाबी से लौटे थे। वंदे भारत मिशन के तहत खाड़ी देशों से लौटे दो लोग पहले ही पॉजिटिव आ चुके हैं। मिशन के पहले दिन जो दो विमान केरल आए थे उनमें 9 बच्चों समेत 363 लोग थे।


वंदे भारत का दूसरा फेज 15 मई से शुरू होगा
वंदे भारत मिशन के तहत भारत लौट रहे लोगों को फ्लाइट का किराया और क्वारैंटाइन का खर्च खुद उठा रहे हैं। मिशन का दूसरा फेज 15 मई से शुरू होगा। इस फेज में सेंट्रल एशिया और यूरोपीय देशों जैसे- कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, रूस, जर्मनी, स्पेन और थाईलैंड से भारतीयों को लाया जाएगा। इस मिशन में बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, छात्रों, बीमारों या फिर उन लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है जिनके घर में किसी की मौत हो गई है या फिर कोई गंभीर रूप से बीमार है।