वंदे भारत मिशन का दूसरा दिन / एयर इंडिया की फ्लाइट बांग्लादेश से 167 मेडिकल छात्रों को लेकर श्रीनगर पहुंची; इस मिशन का दूसरा फेज 15 मई से शुरू होगा
- सिंगापुर से आई फ्लाइट दोपहर 12 बजे दिल्ली में लैंड हुई, तीन दूसरे देशों से भी विमान आएंगे
- मिशन के पहले दिन यूएई से दो विमानों में 363 लोग केरल लौटे थे
नई दिल्ली. कोरोना वायरस की वजह से दुनियाभर में फंसे भारतीयों को लाने के लिए सरकार का वंदे भारत मिशन गुरुवार को शुरू हो गया। मिशन के दूसरे दिन दूसरी फ्लाइट बांग्लादेश से आई जो दोपहर करीब 2 बजे श्रीनगर में लैंड हुई। इस फ्लाइट में 167 मेडिकल स्टूडेंट आए हैं। ये सभी जम्मू-कश्मीर के हैं, जो बांग्लादेश में पढ़ाई कर रहे थे।
इस बीच खबर आई है कि वंदे भारत मिशन का दूसरा फेज 15 मई से शुरू किया जाएगा। इससे पहले, एक फ्लाइट सिंगापुर से दोपहर 12 बजे दिल्ली पहुंची। इसमें 234 यात्री आए। तीन दूसरे देशों से भी आज एक-एक फ्लाइट आएगी।
ये फ्लाइट भी आएंगी?
फ्लाइट | टेक ऑफ टाइम | लैंडिंग टाइम |
रियाद-कोझिकोड | दोपहर 12.45 बजे | रात 8.30 बजे |
बहरीन-कोच्चि | शाम 4.30 बजे | रात 11.30 बजे |
दुबई-चेन्नई | दोपहर 2.50 बजे | रात 8.10 बजे |
(इस शेड्यूल में बदलाव भी हो सकते हैं)
केरल आए 5 लोगों में कोरोना के लक्षण
वंदे भारत मिशन के तहत पहली फ्लाइट अबू धाबी से 181 भारतीयों को लेकर गुरुवार रात 10 बजकर 9 मिनट पर कोच्चि इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंची। 5 लोगों में कोरोनावायरस के लक्षण दिखने पर उन्हें आइसोलेशन वार्ड में भेज दिया गया। दूसरी फ्लाइट दुबई से 182 यात्रियों को लेकर रात 10 बजकर 45 मिनट पर कोझिकोड पहुंची।
वंदे भारत मिशन के पहले फेज में 14 हजार 800 लोग भारत आएंगे
7 मई से शुरू हुए इस मिशन का पहला फेज 13 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान 12 देशों से 64 विमानों में 14 हजार 800 लोगों को लाने की योजना है। हालांकि, इसमें कुछ बदलाव हो सकते हैं। लेकिन, 1990 के खाड़ी युद्ध के बाद ये सबसे बड़ा एयरलिफ्ट ऑपरेशन है। खाड़ी युद्ध के वक्त 1.70 भारतीय एयरलिफ्ट किए गए थे।
यात्रियों को फ्लाइट का किराया खुद देना होगा
विदेशों में फंसे लोगों को लाने के लिए सरकार ने जो नियम तय किए हैं उनके मुताबिक लोगों को फ्लाइट का किराया खुद ही देना होगा। अमेरिका से आने वाली फ्लाइट का किराया सबसे ज्यादा एक लाख रुपए होगा। लंदन से आने वालों को 50 हजार रुपए देने होंगे।
मालदीव्स से 2000 भारतीय समुद्र के रास्ते लाए जाएंगे
नेवी के जहाज से समुद्र के रास्ते भी विदेशों से भारतीयों को लाने के लिए ऑपरेशन समुद्र सेतु शुरू किया गया है। इस ऑपरेशन के तहत मालदीव्स से दो फेज में 2 हजार भारतीय निकाले जाएंगे। नेवी के जहाज आईएनएस जलाश्व के जरिए आज 750 लोगों को निकाला गया। इस जहाज के 10 मई को कोचीन पोर्ट पहुंचने की उम्मीद है।