मप्र: लॉकडाउन फेज-3 का पांचवां दिन / महाराष्ट्र ट्रेन हादसे में प्रदेश के 16 मजदूरों की मौत होने पर सरकार ने विशेष दल भेजा; दतिया में राजस्थान बॉर्डर पर मजदूरों ने धरना दिया

मप्र: लॉकडाउन फेज-3 का पांचवां दिन / महाराष्ट्र ट्रेन हादसे में प्रदेश के 16 मजदूरों की मौत होने पर सरकार ने विशेष दल भेजा; दतिया में राजस्थान बॉर्डर पर मजदूरों ने धरना दिया


राजस्थान और दिल्ली से पैदल चलकर आए मजदूर दतिया बॉर्डर पर सिंधु नदी के पुल पर धरने पर बैठ गए। उन्हें पुलिस ने एंट्री नहीं दी तो उन्होंने हंगामा कर दिया।




  • कोरोना से सागर जिले में पहली मौत, सीहोर में कोरोना का पहला केस मिला

  • शुक्रवार सुबह तीन ट्रेन से कर्नाटक, केरल और औरंगाबाद से 3600 मजदूर विदिशा और ओबेदुल्लागंज पहुंचे


भोपाल. कोरोना संकट के बीच महाराष्ट्र से मध्य प्रदेश लौट रहे उमरिया और शहडोल जिले के 16 मजदूरों की औरंगाबाद में शुक्रवार तड़के एक मालगाड़ी से कटकर मौत हो गई। ये मजदूर रास्ते में थक जाने से पटरी पर लेटे थे। घटना के बाद मध्य प्रदेश सरकार ने एक उच्च अधिकारियों की टीम विशेष विमान से मौके पर भेजी है, जो वहां पर मृतकों के अंतिम संस्कार की व्यवस्था करेगी। घटना बदनापुर और करनाड स्टेशन के बीच हुई। इस हादसे में पांच मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। 



बताया गया कि ये मजदूर वहां जालना में एसआरजी कंपनी में काम करते थे। प्रदेश सरकार की तरफ से प्रत्येक मृतक श्रमिक के परिजन को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने की घोषणा की गई है। घायलों के इलाज की पूरी व्यवस्था भी की गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर बताया कि विशेष विमान से मंत्री मीना सिंह के साथ राज्य कंट्रोल रूम के अपर मुख्य सचिव आईसीपी केशरी को भी भेजा गया है।


शिवराज ने कहा- सभी मजदूरों को वापस लाएंगे 





 

दतिया : बॉर्डर पर पहुंचे मजदूरों ने हंगामा किया, प्रशासन ने स्कूल में ठहराया




राजस्थान और दिल्ली से पैदल चलकर आए मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों के करीब 400 मजदूर दतिया बॉर्डर पर पहुंचे। पुलिस ने उन्हें मध्य प्रदेश में प्रवेश देने से मना किया तो वे सिंधु नदी के पुल पर धरने पर बैठ गए। बाद में एसडीएम की अनुमति से उन्हें प्रवेश दिया गया, लेकिन वहीं एक स्कूल में उन्हें क्वरैंटाइन किया गया है। दतिया अब तक ग्रीन जोन में है। यहां कोरोना का कोई केस नहीं आया है। 


आज तीन ट्रेन से करीब 3600 मजदूर आए मध्य प्रदेश


शुक्रवार को केरल और कर्नाटक से दो स्पेशल ट्रेनों में 34 जिलों के 2400 मजदूर विदिशा पहुंचे। यहां स्टेशन पर स्वास्थ्य विभाग ने सभी की स्क्रीनिंग की। पहली ट्रेन सुबह 7 बजे केरल से आई। इसके बाद दूसरी ट्रेन 2 घंटे के बाद सुबह 9 बजे कर्नाटक से आई। सभी मजदूरों को गृह जिले में भेजने के लिए करीब 100 बसों का इंतजाम किया गया था। इधर, औरंगाबाद से 1200 मजदूर लेकर एक ट्रेन रायसेन के ओबेदुल्लागंज पहुंची। इस ट्रेन में खंडवा, खरगोन, सीधी जिले के मजदूर थे।


अब दुकानें सुबह 6 से रात 12 बजे तक खुलेंगी
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि कि कोरोना से निपटने के लिए श्रम कानूनों में संशोधन किया गया है। उद्योगों को जरूरी रियायतें देने के लिए कदम उठाए गए हैं। दुकानें पहले सुबह 8 से रात 10 बजे तक खुलती थीं, अब इसे बढ़ाकर सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक किया गया है। कारखानों में अब सप्ताह में 72 घंटे ओवरटाइम किया जा सकेगा।


भोपाल में 679 मरीजों में से 399 ठीक हुए
राजधानी भोपाल में गुरुवार को 19 और मरीज ठीक होकर घर लौटे। इनमें 9 महीने का एक बच्चा और 70 साल की बुजुर्ग भी शामिल है। शहर में अब तक 679 संक्रमित मिले हैं, इनमें से 399 ठीक होकर घर लौट चुके हैं। इन मरीजों पर अर्ली ऑक्सीजन थैरेपी का इस्तेमाल किया गया है। इसमें मरीजों के गले और लंग्स में ऑक्सीजन की मात्रा बढ़ाई जाती है। गुरुवार को कोरोना के 24 नए केस मिले। 


भोपाल: 24 नए केस मिले, सागर में पहली मौत 
राजधानी में गुरुवार को कोरोना के 24 नए केस मिले। सागर जिले के बीना निवासी एक मजदूर की भोपाल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटव मिली। सागर में कोरोना से मौत का यह पहला मामला है। मृतक की उम्र 45 साल थी और वह मूल रूप से यूपी के बहराइच का रहने वाला था। एक दिन पहले ही वह पेट में दर्द की शिकायत के चलते सागर के निजी अस्पताल में भर्ती हुआ था। वहां से उसे भोपाल भेज दिया गया था। सागर में इससे पहले 5 संक्रमित मिले थे, जो ठीक हो चुके हैं।


इंदौर: एमजीएम में शुरू हुई प्लाज्मा थैरेपी
इंदौर में 372 सैंपल में 28 नए पॉजिटिव मिले। 3 मरीजों की मौत भी हुई है। इधर, अरबिंदो अस्पताल के बाद एमजीएम मेडिकल कॉलेज को भी प्लाज्मा थैरेपी के ट्रायल की अनुमति मिली है। गुरुवार को डॉक्टरों की टीम ने ट्रायल शुरू भी कर दिया। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद की निगरानी में एमजीएम के तहत आने वाले टीबी अस्पताल के मरीजों पर ट्रायल किया जा रहा है।


इंदौर के गोकुलदास अस्पताल का लाइसेंस अस्थाई रूप से निरस्त 


कोरोना संदिग्धों के लिए चिह्नित येलो श्रेणी के गोकुलदास अस्पताल में गुरुवार को एक घंटे में तीन मरीजों की मौत के बाद हंगामा हो गया। सिर्फ चार-पांच घंटे में ही यहां 4 मरीजों ने दम तोड़ दिया। एक युवती ने इसका वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। संभागायुक्त (कमिश्नर) आकाश त्रिपाठी और कलेक्टर ने 3 सदस्यीय जांच कमेटी बैठा दी। कलेक्टर के मुताबिक, अस्पताल का लाइसेंस अस्थाई तौर पर निरस्त कर दिया है। यहां के मरीजों को मेडिकल कॉलेज के अस्पतालों में शिफ्ट करेंगे। दोषी पाए जाने पर लाइसेंस स्थाई रूप से निरस्त कर अस्पताल सील किया जाएगा। 


जबलपुर: 68 रिपोर्ट में से सिर्फ एक पॉजिटिव
गुरुवार देर रात तक आईसीएमआर से 68 जांच रिपोर्ट आईं। इनमें से सिर्फ एक महिला की रिपोर्ट पाॅजिटिव आई, जिसकी 5 मई को मौत हो चुकी है। वहीं स्वस्थ होने पर दो कोरोना मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अब जबलपुर में स्वस्थ होकर जाने वालों की संख्या 17 हो गई है, वहीं कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 114 है। 


स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक 3253 संक्रमित : इंदौर 1699, भोपाल 652, उज्जैन 201, जबलपुर 114, खरगोन 80, धार 77, रायसेन 64, खंडवा 50,  होशंगाबाद 36, मंदसौर 52, बुरहानपुर 38,  बड़वानी-26, देवास 30, मुरैना 22, रतलाम 20, विदिशा 13, आगर मालवा 13, ग्वालियर 12, शाजापुर 8, सागर और छिंदवाड़ा 5-5, नीमच- श्योपुर 4-4, हरदा-अलीराजपुर-शहडोल-टीकमगढ़-अनूपपुर-शिवपुरी में 3-3, रीवा 2, सीहोर, बैतूल, डिंडोरी, अशोकनगर, पन्ना-निवाड़ी, सतना में एक-एक संक्रमित मिला। अन्य राज्य के 2 मरीज हैं।



  • अब तक 194 की मौत : इंदौर 83, उज्जैन 42, भोपाल 22, खरगोन और देवास में 7-7, खंडवा 6, बुरहानपुर-मंदसौर 4-4, जबलपुर-होशंगाबाद-रायसेन में 3-3, धार, आगर मालवा, शाजापुर, छिंदवाड़ा, अशोकनगर, सागर और सतना में एक-एक की मौत हो गई।

  • स्वस्थ्य हुए 1233 मरीज: इंदौर 595, भोपाल 318, उज्जैन 50, जबलपुर 17, खरगोन 37, रायसेन 22, धार 26, खंडवा 32, होशंगाबाद 22, मंदसौर-शाजापुर 6-6, बड़वानी 23, देवास 11, रतलाम 12, मुरैना और विदिशा 13-13, आगर मालवा 10, श्योपुर में 4, सागर-5 अलीराजपुर में 3, छिंदवाड़ा-ग्वालियर-शिवपुरी 2-2, बैतूल में 1 मरीज स्वस्थ हुआ। (स्वास्थ्य विभाग द्वारा 7 मई को शाम 6 बजे जारी बुलेटिन के अनुसार)