मप्र: लॉकडाउन फेज-3 का 12वां दिन / प्रदेश में फेज-4 की तैयारी; ऑड और ईवन के फाॅर्मूले से बाजार खुल सकते हैं, धार्मिक स्थलों पर सख्ती से प्रतिबंध बना रहेगा

मप्र: लॉकडाउन फेज-3 का 12वां दिन / प्रदेश में फेज-4 की तैयारी; ऑड और ईवन के फाॅर्मूले से बाजार खुल सकते हैं, धार्मिक स्थलों पर सख्ती से प्रतिबंध बना रहेगा



 




  • लॉकडाउन का तीसरा चरण 17 मई को पूरा होगा, सरकार ने चौथे चरण की भी तैयारी की

  • गुरुवार को 253 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई, अब प्रदेश में कुल 4426 संक्रमित


भोपाल. मध्य प्रदेश में 18 मई से लॉकडाउन फेज-4 शुरू होगा। बताया जा रहा है कि यह 31 मई तक जारी रह सकता है। राज्य सरकार ने इसकी रणनीति तैयार कर ली है। इसे अंतिम रूप देकर आज रात तक केंद्रीय गृह मंत्रालय के पास भेज दिया जाएगा। फेज-4 में बाजारों को ऑड और ईवन के फाॅर्मूले से खोला जा सकता है। धार्मिक स्थानों पर प्रतिबंध 31 मई तक लागू रहेगा। ऐसे में मुस्लिम समाज को ईद घर पर ही मनानी पड़ेगी। इधर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पलायन कर रहे मजदूरों से अपील की है कि जो जहां हैं, वहीं रुक जाएं। प्रदेश सरकार सभी को सुरक्षित घर तक पहुंचाएगी। 

कंटेनमेंट जोन में सख्ती जारी रह सकती है 
लॉडाउन फेज-4 में भोपाल, इंदौर, उज्जैन, बुरहानपुर समेत सभी रेड जोन में सख्ती जारी रह सकती है। दो दिन की मशक्कत के बाद 32 जिलों की रिपोर्ट कलेक्टरों से और 20 जिलों की जानकारी 4 मंत्रियों से ली गई है। मुख्यमंत्री आज दोपहर 3:30 बजे इन सुझावों की समीक्षा कर अंतिम रूप देंगे। इसके बाद ये सुझाव केंद्र को जाएंगे।
 
भोपाल में 20 नए पॉजिटिव; 920 पर आंकड़ा पहुंचा, 356 एक्टिव मरीज
भोपाल में गुरुवार दोपहर 20 नए कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई। इनमें एक परिवार के 3 सदस्य भी शामिल हैं। राजधानी में 920 केस हो गए। इस समय 356 एक्टिव मरीज हैं, जो चिरायु, एम्स समेत अन्य कोरोना केयर सेंटर में भर्ती हैं। इधर, अच्छी खबर ये है कि शाम को चिरायु अस्पताल से 30 लोगों को डिस्चार्ज किया जाएगा। स्वस्थ्य हुए मरीजों की संख्या 529 पर पहुंच गई है। वहीं, 35 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है।


कंटेनमेंट जोन के बाहर ढील होगी


भोपाल कलेक्टर तरुण पिथोड़े ने लॉकडाउन बढ़ाने की बात कही है, लेकिन कंटेनमेंट क्षेत्र के बाहर निर्माण की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। कुछ अन्य वस्तुओं की दुकानों को खोला जा सकता है। शहर को छह सेक्टर में बांटा गया है। इसमें कोलार, होशंगाबाद रोड, रातीबड़, गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया, बीएचईएल और बैरागढ़ में ढील मिलेगी। कंटेनमेंट वाले एरिया में पूरी तरह से लॉकडाउन लागू रहेगा।


सुझाव: हर दिन अलग-अलग सेगमेंट की दुकानें खुलें



  • सोशल डिस्टेंसिंग के साथ ऑड और ईवन के फाॅर्मूले से एक दिन छोड़कर एक दिन बाजार खोले जाएं या हर दिन अलग-अलग सेगमेंट की दुकानें खोली जा सकती हैं। जैसे- किसी दिन कपड़े की तो किसी दिन इलेक्ट्रॉनिक की।

  • शॉपिंग मॉल भी एक दिन छोड़कर एक दिन खोला जा सकता है। 

  • कंटेनमेंट के बाहर निर्माण कार्य शुरू हों, ताकि सीपीए, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी और निजी बिल्डर्स पुराने प्रोजेक्ट्स पूरे कर सकेंगे। 

  • निजी दफ्तर एक तय समय तक 33 फीसदी मैनपावर के साथ खोले जाएं। पब्लिक ट्रांसपोर्ट को प्रयोग के तौर पर शुरू किया जा सकता है। 

  • होटल और रेस्तरां संचालकों को खाने की होम डिलीवरी और पार्सल सप्लाई के लिए खोलने की अनुमति दी जा सकती है।


पाबंदी: मॉल-शॉपिंग सेंटर, स्कूल कॉलेज बंद रह सकते हैं 



  • हॉट स्पॉट और कंटेनमेंट क्षेत्र में रहने वालों के ग्रीन जोन में जाने पर पाबंदी लग सकती है। 

  • मॉल, शॉपिंग सेंटर, बड़े सामाजिक और धार्मिक आयोजन, स्कूल-कॉलेज बंद रह सकते हैं। ग्रीन जोन और ऑरेंज जोन में जनजीवन शर्तों के साथ सामान्य होने की संभावना।

  • ग्रीन और ऑरेंज जोन के जिलों में गतिविधियां सामान्य हो सकती हैं। ग्रीन जोन के जिलों में मैनपावर 100 फीसदी किया जाएगा।

  • ऑरेंज जोन के कंटेनमेंट क्षेत्र के बाहर दफ्तर खुलेंगे, मैनपावर 50 से 70 फीसदी हो सकता है, लेकिन इसे घटाने और बढ़ाने का निर्णय कलेक्टर लेंगे। तमाम दुकानें खुल सकती हैं, लेकिन धारा 144 लागू रहेगी। ट्रांसपोर्ट सामान्य होगा। निर्माण के साथ अन्य कामों की छूट मिलेगी। ग्रीन जोन में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ हाट-बाजार खुलेंगे। 


राज्य में एक दिन में 253 नए संक्रमित मिले


मध्यप्रदेश में गुरुवार रात तक 253 नए कोरोना मरीज मिले। अब प्रदेश में 4426 कोरोना संक्रमित हो गए हैं। 237 की मौत हो चुकी है। 2171 व्यक्ति स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। 


कोरोना अपडेट्स



  • भोपाल: 15 विदेशी जमातियों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। यह लोग दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लॉकडाउन उल्लंघन के मामले में पकड़े गए हैं। जमाती दिल्ली की मरकत से लौटे थे। भोपाल में कोरोनावायरस का संक्रमण फैलाए जाने के भी जिम्मेदार माने जा रहे हैं। इससे पहले गुरुवार को 18 जमातियों को कोर्ट में पेश किया गया था। इन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। 

  • भोपाल: शहर के 15 इलाकों को कंटेनमेंट जोन से बाहर कर दिया गया है। अब यहां लगाई गई बैरिकेडिंग भी हटा दी जाएगी। पिछले 28 दिन में इन क्षेत्रों में कोरोना पॉजिटिव नहीं मिलने के बाद यहां का स्कैल डाउन किया गया है। कंटेनमेंट एरिया हटने से यहां जरूरी सामान की दुकानों को भी खोला जाएगा। 

  • भोपाल: राजधानी के चिरायु अस्पताल से 18 लोगों को स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किया गया। इन लोगों ने लोगों से कहा कि कोरोना से डरने की जरूरत नहीं है, यह सामान्य बीमारी है। लॉकडाउन का पालन करें और सोशल डिस्टेंसिंग अपनाएं।

  • जबलपुर: गुरुवार रात 4 नए कोरोना संक्रमित मिले। इनमें एक बच्ची भी शामिल है। यहां मरीजों की संख्या बढ़कर 162 पहुंच गई। इससे पहले शाम को भी 3 संक्रमित मिले थे। ये तीनों सर्वोदय नगर रानीताल निवासी हैं। जिले में अब तक 71 संक्रमित ठीक हो चुके हैं।

  • मुरैना: जिले में गुजरात से लौटी एक गर्भवती महिला की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। इसके बाद संक्रमितों की संख्या 6 हो गई। गर्भवती महिला 11 मई को अपने पति के साथ अहमदाबाद से अम्बाह आई थी।

  • रायसेन: यहां चिकलोद कला स्वास्थ्य केंद्र की एक स्टाफ नर्स कोरोना पॉजिटिव पाई गई। ब्लाॅक मेडिकल अफसर डॉ. अरविन्द सिंह चौहान ने बताया कि नर्स सोमवार तक ड्यूटी पर आई। इसके बाद तबीयत खराब होने पर सैम्पल लिया गया था। नर्स अभी एम्स भोपाल में भर्ती है।

  • सागर: यहां सदर बाजार इलाके का रहने वाला एक युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया। वह हाल ही में नासिक से लौटा है। जिले में अब तक 17 मरीज सामने आ चुके हैं। इनमें 5 स्वस्थ भी हुए हैं।


राजगढ़ में ट्रक में और सतना में ट्रेन में प्रवासी महिलाओं की डिलीवरी हुई


मुंबई से यूपी लौट रही महिला की ट्रक में डिलीवरी हो गई। ब्यावरा में जांच के बाद महिला को राजगढ़ रेफर किया गया। महिला बस्ती जिले की रहने वाली है। इधर, सतना में भी श्रमिक स्पेशल ट्रेन में महिला ने बच्चे को जन्म दिया। यह महिला औरंगाबाद से यूपी के गाजीपुर जा रही थी। मैहर-उचहरा स्टेशन के बीच डिलीवरी हुई।


गुना और नरसिंहपुर में हादसे, 19 घायल
राघौगढ़ इलाके में आवन गांव के पास गुरुवार रात हाईवे के फ्लाई ओवर से उतरते हुए एक ट्रेवलर (मिनी बस) सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। हादसे में 3 लोग गंभीर घायल हो गए, जिन्हें गुना रेफर किया। 11 अन्य लोगों को साडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया। ये सभी लोग पूना से उत्तराखंड जा रहे थे। इधर, नरसिंहपुर में अंबाला से चेन्नई जा रहा ट्रेवलर वाहन पलटने से 8 लोग घायल हो गए। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग- 44 पर डांगीढाना के पास हुआ। इस वाहन में 11 लोग सवार थे। एक की हालत गंभीर होने पर जबलपुर रेफर किया गया।


महाराष्ट्र से आए श्रमिकों ने रीवा में हाईवे जाम किया


महाराष्ट्र से आए श्रमिकों ने रीवा पहुंचकर रतहरा हाईवे पर जाम लगा दिया। यहां वाहनों की लंबी कतार लग गई, कई वाहन जाम में फंसे रहे। मजदूरों का आरोप है कि शासन-प्रशासन मदद नहीं दे रहे हैं।


कुल संक्रमित मरीज 4426 : 


इंदौर 2238, भोपाल 900, उज्जैन 274, जबलपुर 157, खरगौन 97, घार 89, खंडवा 81, बुरहानपुर 95, रायसेन 65, देवास 58, मंदसौर 57, नीमच 45, होशंगाबाद 37, ग्वालियर 31, रतलाम 28, बड़वानी 26, मुरैना 25, सागर 14, आगर मालवा 13, विदिशा 13, भिंड 10, शाजापुर 8, सतना 7, झाबुआ 7, रीवा 7, छिंदवाड़ा 5, सीहोर 4, श्योपुर 4, सीधी 3, अलीराजपुर 3, अनूपपुर 3, हरदा 3, शहडोल 3, शिवपुरी 3, टीकमगढ़ 3, अशोकनगर, 3 डिंडोरी 2, बैतूल 1, गुना 1, मंडला 1, पन्ना 1, सिवनी में 1 मरीज।



  • कुल 237 मौतें: इंदौर 96, भोपाल 35, उज्जैन  45, खरगौन 8, देवास 7, खंडवा 8, जबलपुर 8,  बुरहानपुर 9, मंदसौर 4, रायसेन और होशंगाबाद में 3-3, अशोकनगर, सीहोर, छिंदवाड़ा, शाजापुर, सतना, आगरमालवा, सागर, ग्वालियर और नीमच में 11 मरीज की मौत हुई है।  

  • स्वस्थ हुए 2171 : इंदौर 1046, भोपाल 509, उज्जैन 142, खरगोन 55, धार 69, जबलपुर 65, खंडवा 38, रायसेन 42, होशंगाबाद 31, बड़वानी 26, देवास 15, बुरहानपुर 13, रायसेन 50, देवास 15, मंदसौर 7नीमच 4, होशंगाबाद 32, ग्वालियर 5, रतलाम 19, बड़वानी 26, मुरैना 17, सागर 5, आगरमालवा 12, विदिशा 13, शाजापुर 6, रीवा 1, छिंदवाड़ा 2, श्योपुर 4, अलीराजपुर 3, हरदा 3, शहडोल 3, शिवपुरी 2, , टीकमगढ़ 3, डिंडोरी 1, बैतूल 1 मरीज स्वस्थ्य हुए।