कोरोना दुनिया में LIVE / अब तक 39.18 लाख संक्रमित: इटली के मिलान में नहर के किनारे सोशल डिस्टेंसिंग भूल लोग, मेयर ने कहा- ये बर्ताव बेहद शर्मनाक

कोरोना दुनिया में LIVE / अब तक 39.18 लाख संक्रमित: इटली के मिलान में नहर के किनारे सोशल डिस्टेंसिंग भूल लोग, मेयर ने कहा- ये बर्ताव बेहद शर्मनाक





तस्वीर 4 मई की है। यह सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। मिलान की एक झील के किनारे लोग सोशल डिस्टेंसिंग भूलकर तफरीह के लिए निकले। यहां के मेयर ने इसे शर्मनाक बताया।






  • एंटोनियो गुटेरेस ने मीडिया संस्थानों से नस्लवादी और दुर्भावनापूर्ण कंटेट हटाने की अपील की

  • यूरोप में ब्रिटेन (30,615) के बाद सबसे ज्यादा मौत इटली में ही हुई है, यहां 2.15 लाख मरीज मिल चुके हैं


वॉशिंगटन. दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक 39 लाख 16 हजार 338 लोग संक्रमित हैं। दो लाख 70 हजार 711 की मौत हो चुकी है, जबकि 13 लाख 43 हजार 54 ठीक हो चुके हैं। इटली में संक्रमण से करीब 30 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। लोम्बार्डी शहर सबसे ज्यादा प्रभावित है। यह मिलान का हिस्सा है। यहां 14 हजार से ज्यादा लोग मारे गए हैं। सरकार ने जरा सी ढील दी तो लोग झील के किनारे घूमने निकल पड़े। इससे यहां के मेयर बेहद खफा हैं।  


कोरोनावायरस : सबसे ज्यादा प्रभावित 10 देश







































































देशकितने संक्रमितकितनी मौतेंकितने ठीक हुए
अमेरिका12,92,62376,9282,17,250
स्पेन2,56,85526,0701,63,919
इटली 2,15,85829,95896,276
ब्रिटेन2,06,71530,615उपलब्ध नहीं
रूस1,77,1601,62523,803
फ्रांस1,74,79125,98755,027
जर्मनी1,69,4307,3921,41,700
ब्राजील1,35,7739,19055,350
तुर्की1,33,7213,64182,984
ईरान1,03,1356,48682,744

ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं। 


अफ्रीका में 83 हजार से 1.90 लाख मौतें होंगी: डब्ल्यूएचओ


डब्ल्यूएचओ ने गुरुवार को कहा कि संक्रमण से अगर सख्ती से नहीं निपटा गया तो अफ्रीका में 83 हजार से एक लाख 90 हजार तक लोग मारे जा सकते हैं। पहले साल में 2.9 करोड़ से 4.4 करोड़ लोग संक्रमित हो सकते हैं। संगठन ने अपनी नई स्टडी में इसका खुलासा किया है।  


इटली : मेयर नाराज
यहां लॉकडाउन है। सरकार ने कुछ राहत दी है। लेकिन, लोग इसका गलत फायदा उठा रहे हैं। सोशल मीडिया पर मिलान के नेविग्ली क्षेत्र में मौजूद एक झील के फोटो वायरल हो रहे हैं। कई लोग इसके किनारे टहल रहे हैं। हैरानी की बात ये है कि कई चेहरे बिना मास्क के नजर आते हैं। सोशल डिस्टेंसिंग तो सिरे से गायब है। अब यहां के मेयर ने इस बर्ताव को शर्मनाक और बेहद गैर जिम्मेदाराना बताया है। उन्होंने कहा- ढील सिर्फ काम करने वालों को दी गई है। ये उनके लिए नहीं है जो टहलना चाहते हैं। 


पाकिस्तान : मुश्किल में इमरान
‘द डॉन’ अखबार के मुताबि, करीब एक लाख पाकिस्तानी देश लौटना चाहते हैं। लेकिन, सरकार के पास न तो इन्हें लाने का पैसा है और न यहां लाकर क्वारैंटाइन रखने की फैसेलिटीज। लिहाजा, ये दूसरे देशों में फंसे हुए हैं। ज्यादातर मजदूर हैं। इनके पास पैसा भी खत्म हो चुका है। 60 हजार यूएई और 15 हजार सऊदी अरब में फंसे हैं। पाकिस्तान में 26 हजार से ज्यादा केस हैं। 600 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। करीब 1100 लोग ही अब तक वापस लाए जा सके हैं।


अमेरिका : बेरोजगारी का खतरा


राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की मुश्किल बढ़ती जा रही है। देश में करीब दो करोड़ लोग बेरोजगार हो चुके हैं। सीएनएन के मुताबिक, 14.7 फीसदी लोग बेरोजगार हैं। यह संख्या मार्च में महज 4.4 प्रतिशत थी। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका 50 साल बाद इतनी ऊंची बेरोजगारी दर का सामना कर रहा है। ओबामा और फिर ट्रम्प ने करीब 10 साल जो हासिल किया। उन प्रयासों पर महामारी ने पानी फेर दिया। 1982 में बेरोजगारी 10.8 फीसदी थी।


अमेरिका: 12 लाख से ज्यादा संक्रमित
दुनिया में सबसे ज्यादा 12 लाख 92 हजार 623 संक्रमित अमेरिका में हैं। दो लाख 17 हजार 250 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं। उधर, अपने सैन्य सहयोगी के कोरोना पॉजिटिव मिलने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार को कहा- मैं हर दिन कोरोना जांच कराता हूं। संक्रमित अफसर मेरे संपर्क में बहुत कम था।



  • सैन्य सहयोगी का टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद राष्ट्रपति ट्रम्प और उपराष्ट्रपति माइक पेंस का टेस्ट कराया गया था। दोनों की रिपोर्ट निगेटिव।

  • राष्ट्रपति ट्रम्प ने गुरुवार को फिर कहा- वायरस, वुहान की लैब से आया है। किसी गड़बड़ी के कारण ही ऐसा हुआ होगा, कोई तो बेवकूफ रहा होगा।

  • विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने भी दावा किया था कि उन्होंने बहुत सारे सबूत देखे हैं, जो यह साबित करता है कि वायरस वुहान की लैब से आया है।

  • अमेरिका ने चीन की सात कंपनियों के एन-95 मास्क को घटिया बताया। कहा कि जांच में ये मास्क संक्रमण से बचाव करने में सक्षम नहीं पाए गए।


पुतिन और ट्रम्प ने फोन पर बातचीत की 
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और राष्ट्रपति ट्रम्प ने महामारी को लेकर गुरुवार को फोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों ने एक दूसरे को द्वितीय विश्व युद्ध की जीत की 75वीं वर्षगांठ पर बधाई दी। क्रेमलिन ने बयान में कहा, "वायरस के कारण बनी स्थिति को लेकर की गई चर्चा में द्विपक्षीय सहयोग के सकरात्मक संकेत दिखे। अमेरिका ने रूस को मदद के रूप में चिकित्सक उपकरण भेजने का भी प्रस्ताव दिया है।"


स्पेन: नाराज अफसर का इस्तीफा


स्पेन में अब तक 2 लाख 56 हजार 855 संक्रमित हैं, जबकि 26 हजार से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। यहां मैड्रिड शहर सबसे ज्यादा प्रभावित है। सरकार के लॉकडाउन में ढील देने के फैसले से नाराज होकर यहां के स्वास्थ्य प्रमुख योलांडा फ्यून्टेंस ने इस्तीफा दे दिया है। संक्रमण के मामलों में अब कमी आई है। एक दिन पहले यहां करीब तीन हजार मामले सामने आए।


जर्मनी: 1209 नए केस मिले


जर्मनी में 24 घंटे में संक्रमितों के 1209 नए मामले सामने आए हैं। अब संक्रमितों की संख्या 1 लाख 67 हजार 300 पहुंच गई है। देश में अब तक 7266 लोगों की मौत हो चुकी है। इससे एक दिन पहले देश में 1284 नए मामले सामने आए थे और 123 लोगों की मौत हुई थी। अब तक 1 लाख 41 हजार से ज्यादा मरीज ठीक हो गए हैं।


रूस: 1.77 लाख संक्रमित


रूस ने गुरुवार को संक्रमण के मामले में जर्मनी और फ्रांस को पीछे छोड़ दिया। यह पांचवें नंबर पर आ गया है। रूस में लगातार छठे दिन 10 हजार से ज्यादा संक्रमित मिले हैं। यहां 24 घंटे में 10 हजार 699 संक्रमित मिले। देश में संक्रमण के मामले एक लाख 87 हजार 859 हो गए हैं। 98 लोगों की जान गई, जबकि कुल 1723 की मौत हो चुकी है।


पाकिस्तान: 9 मई को लॉकडाउन हटाएगा
पाकिस्तान ने गुरुवार को घोषणा की कि देश में लगा लॉकडाउन 9 मई से धीरे-धीरे हटाया जाएगा। पीएम इमरान खान ने कहा कि लॉकडाउन के चलते मजदूर, छोटे व्यापारी और जनता को काफी नुकसान हो रहा है। हालांकि, यहां अभी केस बढ़ते जा रहे हैं। अब तक 26 हजार 644 केस मिल चुके हैं, जबकि 593 मौतें हो चुकी हैं।


ब्राजील: 1.35 लाख मरीज
ब्राजील में संक्रमितों की संख्या 1 लाख 35 हजार 106 हो गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि देश में मरने वालों की संख्या में इजाफा हुआ है। अब यह आंकड़ा 9146 पर पहुंच गया है। देश में 10,503 नए केस मिले हैं। एक दिन पहले 615 लोगों की मौत हुई थी।


द.अफ्रीका: संक्रमितों की संख्या 8 हजार के पार
दक्षिण अफ्रीका में 424 नए मामले सामने आए हैं। संक्रमितों की संख्या 8,232 हो गई है। यहां 24 घंटे में आठ लोगों की मौत हुई है। मौतों का आंकड़ा 161 हो गया है। पश्चिमी केप प्रांत सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां अब तक 4904 संक्रमित हो चुके हैं।  


अर्जेंटीना: संक्रमितों की संख्या 5371 हुई
अर्जेंटीना में 24 घंटे में 163 नए मामले सामने आए हैं। इससे संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5371 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि एक दिन पहले देश में 188 नए मामले सामने आए थे और नौ लोगों की मौत हुई थी। लैटिन अमेरिकी देश अर्जेंटीना में मौजूदा समय में कोरोना से होने वाली मौत की दर 5.2% है।