कोरोना दुनिया में LIVE / 40.16 लाख संक्रमित: ट्रम्प ने कहा-बिना वैक्सीन के ही खत्म हो जाएगा वायरस, कैलिफोर्निया की जेल में 800 से ज्यादा कैदी संक्रमित

कोरोना दुनिया में LIVE / 40.16 लाख संक्रमित: ट्रम्प ने कहा-बिना वैक्सीन के ही खत्म हो जाएगा वायरस, कैलिफोर्निया की जेल में 800 से ज्यादा कैदी संक्रमित





अमेरिका के कैलिफोर्निया में शुक्रवार को एक किताब की दुकान के सामने से गुजरता साइकिल सवार व्यक्ति। कैलिफोर्निया की एक जेल में 800 से ज्यादा कैदी कोरोना संक्रमित मिले हैं।






  • नए दिशानिर्देशों के मुताबिक- चीन के पत्रकार तीन महीने से ज्यादा अमेरिका में नहीं ठहर सकेंगे

  • कुवैत सरकार ने कहा- देश में कर्फ्यू रविवार शाम 4 बजे से 30 मई तक लागू रहेगा


वॉशिंगटन. दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक 40 लाख 16 हजार 21 लोग संक्रमित हैं। दो लाख 76 हजार 269 की मौत हो चुकी है, जबकि 13 लाख 87 हजार 527 ठीक हो चुके हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को कहा कि कोरोना बिना वैक्सीन के ही खत्म हो जाएगा। हालांकि, उन्होंने माना कि इससे अमेरिका में 95 हजार से ज्यादा मौतें हो सकती है।


कैलिफोर्निया की लॉम्पॉक जेल के 800 से ज्यादा कैदी और 25 कर्मचारी संक्रमित मिले हैं। जेल में कैदियों की दो यूनिट हैं। एक में 792 और दूसरे में 68 कैदियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।


कोरोनावायरस : सबसे ज्यादा प्रभावित 10 देश







































































देशकितने संक्रमितकितनी मौतेंकितने ठीक हुए
अमेरिका13,22,16378,6162,23,749
स्पेन2,60,11726,2991,68,408
इटली 2,17,18530,20199,023
ब्रिटेन2,11,36431,241उपलब्ध नहीं
रूस1,87,2591,72326,608
फ्रांस1,74,79125,98755,027
जर्मनी1,69,4307,3921,41,700
ब्राजील1,35,7739,19055,350
तुर्की1,33,7213,64182,984
ईरान1,03,1356,48682,744

ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं। 


व्हाइट हाउस के दो अधिकारी संक्रमित


शुक्रवार को व्हाइट हाउस के दो अधिकारी संक्रमित मिले। उपराष्ट्रपति माइक पेंस की प्रेस सेक्रेटरी केटी मिलर और इवांका ट्रम्प के पीए की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अमेरिका के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन विभाग के आयुक्त स्टीफन हैन दो हफ्ते सेल्फ आइसोलेट रहेंगे। वे मिलर के संपर्क में आए थे। अमेरिका वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां 13 लाख 21 हजार 785 लोग संक्रमित हैं। 78,615 मौतें हुई है। 2 लाख 23 हजार 603 लोग ठीक हुए हैं।


इटली :  मौतों का आंकड़ा 30 हजार के पार
इटली में कोरोना संक्रमितों की मौत का आंकड़ा 30 हजार के पार पहुंच गया है। शुक्रवार को 243 लोगों की मौत हुई। कुल 30 हजार 201 लोगों की मौत हो चुकी है। जान गई है। इटली में कोरोना का पहला मामला 21 फरवरी को दर्ज किया गया था।  


ऑस्ट्रेलिया : तीन चरणों में पाबंदियां हटेंगी


ऑस्ट्रेलिया देश से पाबंदियां हटाने की योजना बना रहा है। प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने शुक्रवार को कहा कि अब देश को खोलने का समय आ गया है। हम तीन चरणों में पाबंदियां हटाएंगे। पहले चरण में स्कूल, कॉलेज और छोटी दुकान खुलेंगी। दूसरे चरण में 20 लोगों के एक साथ जुटने की इजाजत होगी। तीसरे चरण में 100 लोगों के साथ आयोजन हो सकेंगे। देश में कई जगहों पर लोग लॉकडाउन हटाने की मांग कर रहे थे।


अमेरिका : चीनी पत्रकारों की वीजा अवधि अब कम


शुक्रवार को अमेरिका ने चीनी पत्रकारों की वीजा अवधि घटा दी। अब वे सिर्फ तीन महीने के लिए ही अमेरिकी वीजा ले सकेंगे। अब तक विदेशी मीडिया के प्रतिनिधियों के लिए कोई अवधि नहीं थी। हालांकि नए दिशा-निर्देशों में चीन के पत्रकारों के तीन महीने से ज्यादा रुकने पर रोक लगा दी गई है। 


कुवैत : तीन हफ्ते के लिए कर्फ्यू लगाया


कुवैत ने संक्रमण रोकने के लिए शुक्रवार को देश भर में तीन हफ्ते के लिए कर्फ्यू लगा दिया। कर्फ्यू रविवार शाम 4 बजे से शुरू होगा और 30 मई तक लागू रहेगा।गाड़ियों के इस्तेमाल पर पाबंदी रहेगी। हालांकि लोग शाम 4.30 बजे से 6.30 बजे के बीच अपने घर के आसपास कसरत करने जा सकेंगे। कुवैत में अब तक 7 हजार 208 पॉजिटिव मिले और 47 मौतें हुई हैं।


मॉस्को :  1 हजार से ज्यादा संक्रमितों की मौत
रूस की राजधानी मॉस्को में पिछले 24 घंटों में 54 लोगों की मौत हुई हैं। इसके बाद यहां मृतकों की संख्या बढ़कर 1010 हो गई है। मॉस्को रूस में संक्रमण केंद्र बन गया है। मॉस्को के रिस्पॉन्स सेंटर ने बताया कि शहर में न्यूमोनिया और अन्य बीमारियों समेत कोरोना से ग्रसित 54 लोगों की जान गई। रूस में 1 लाख 87 हजार 859 संक्रमित मिले हैं। 1 हजार 723 लोगों की मौत हुई है।


फ्रांस :  24 घंटे में 243 की मौत


फ्रांस में पिछले 24 घंटों में 243 संक्रमितों की मौत हो गई। इसके साथ ही देश में अब मरने वालों की संख्या 26 हजार 200 हो गई है। स्वास्थ्य महानिदेशालय के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, 16 हजार 497 संक्रमितों की मौत अस्पताल में जबकि 9733 लोगों की मौते दूसरे नर्सिंग संस्थानों में हुई है। सोमवार से यहां दुकानों और स्कूलों को खोलने की छूट दी जाएगी।


ब्रिटेन : विदेश से आने वालों के लिए 14 दिन का क्वारैंटाइन जरूरी 
ब्रिटेन ने विदेशों से आने वालों के लिए 14 दिन का क्वारैंटाइन जरूरी किया जाएगा। सरकार ने सभी एयरलाइन्स को इस संबंध में निर्देश जारी किया है। उन्हें देश की सीमा में आते ही अपना पता देना होगा। ब्रिटेन में अब तक 2 लाख 11 हजार 364 संक्रमित मिले हैं और 31 हजार 241 मौतें हुई हैं।


अर्जेंटीना : लॉकडाउन 24 मई तक बढ़ा


अर्जेंटीना ने देश में लॉकडाउन 24 मई तक बढ़ाने का फैसला किया है। हालांकि, राजधानी ब्यूनर्स आयर्स समेत देश के कुछ स्थानों पर पाबंदियों में राहत दी जाएगी। देश के राष्ट्रपति एलबर्टो फर्नांनडेज ने इसकी घोषणा की। देश में लॉकडाउन की घोषणा 20 मार्च को की गई थी।