कोरोना देश में LIVE / अब तक 52 हजार 251 मामले: महाराष्ट्र में एक दिन में रिकॉर्ड 1233 केस, गृह मंत्रालय की बंगाल को चिट्ठी- आपके राज्य में आबादी के लिहाज से टेस्टिंग कम, डेथ रेट ज्यादा
- केंद्र सरकार ने अल्कोहल बेस्ड सैनिटाइजर्स के निर्यात पर रोक लगाई
- कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने लॉकडाउन का आकलन करने के लिए कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की
नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 52 हजार 251 हो गई है। 14 हजार 781 स्वस्थ हुए। गृह मंत्रालय के सचिव अजय भल्ला ने बुधवार को पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव राजीव सिन्हा को चिट्ठी लिखी। इसमें कहा गया, “कोलकाता और हावड़ा में कुछ खास स्थानों पर लॉकडाउन का उल्लंघन हुआ। कोरोना वॉरियर्स पर हमला भी किया गया। लॉकडाउन का सख्ती से पालन जरूरी है।” पत्र में आगे कहा गया, “राज्य की आबादी के लिहाज से टेस्टिंग रेट कम और डेथ रेट काफी (13.2%) ज्यादा है। भीड़भाड़ वाली जगहों पर रैंडम टेस्टिंग की जरूरत है। संक्रमण की निगरानी और टेस्टिंग दोनों कमजोर हैं।” दूसरी तरफ, सीएम ममता बनर्जी ने कहा- हमने एक महीने के दौरान 5.5 करोड़ लोगों का सर्वे किया है।
यहां 24 घंटे में 1 हजार 233 नए मामले सामने आए। ये एक दिन में अब तक दर्ज किए गए सबसे ज्यादा केस हैं। इसी दौरान 34 संक्रमितों की मौत हुई। मरने वालों का कुल आंकड़ा 651 हो गया है।
अपने राज्य पहुंचकर भी परेशान हैं श्रमिक
बाहरी राज्यों में फंसे श्रमिकों को उनके घर तक भेजने के लिए श्रमिक एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही हैं। ये ट्रेन मजदूरों को लेकर बड़े शहरों या रेलवे जंक्शन तक पहुंच रही हैं। लेकिन, अपने राज्य में पहुंचने के बाद भी मजदूरों का सफर आसान होता नजर नहीं आ रहा। पहली तस्वीर पश्चिम बंगाल के हावड़ा की है, जहां दूसरे राज्यों से पहुंचे मजदूरों को सामान की तरह सैनिटाइज किया जा रहा है। वहीं, दूसरी तस्वीर मुंबई की है जहां कोरोना निगेटिव जांच का सर्टिफिकेट लेने के लिए मजदूर घंटों तक निजी अस्पताल के सामने कतार में खड़े हैं। इस दौरान कई जगह सोशल डिस्टेंसिंग का पालन होता भी दिखाई नहीं दिया।मंगलवार को महाराष्ट्र में 984, गुजरात में 441, पंजाब में 219, दिल्ली में 206, मध्यप्रदेश में 107, उत्तरप्रदेश में 114, राजस्थान में 97, तमिलनाडु में 508 समेत 2966 रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। इससे पहले सोमवार को सबसे ज्यादा 3900 संक्रमित बढ़े। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कुल संक्रमित 49 हजार 391 हैं। 33 हजार 514 का इलाज चल रहा है। 14 हजार 182 ठीक हो चुके हैं और 1694 की मौत हुई। बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा 1020 संक्रमित ठीक भी हुए। संक्रमितों की रिकवरी रेट 27.41% है।
कोरोना अपडेट्स
- तेलंगाना सरकार ने लॉकडाउन 29 मई तक बढ़ाने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री केसीआर ने कहा कि लोगों की जान बचाने के लिए यह प्रतिबंध जरूरी है। हम किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।
- उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद जिले में भी डीएम ने 31 मई तक लॉकडाउन के प्रतिबंध जारी रखने का आदेश दिया है।
- हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के मुताबिक, राज्य की स्थिति पड़ोसी प्रदेशों से ज्यादा बेहतर है। खट्टर ने कहा, “राज्य में कुल 555 मामले हैं। 289 एक्टिव केस हैं। 260 स्वस्थ हो चुके हैं। कुल मौतों की संख्या 6 है। सीएम ने कहा, हमारी स्थिति दिल्ली, राजस्थान, पंजाब और उत्तर प्रदेश से बेहतर है। बॉर्डर एरिया में सख्ती बरती जा रही है ताकि संक्रमित हरियाणा में न आ सकें।”
- कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बुधवार को लॉकडाउन का आकलन करने के लिए कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। इसमें उन्होंने केंद्र सरकार से पूछा कि 17 मई के बाद क्या होगा और लॉकडाउन कब तक चलेगा? उन्होंने पूछा कि भारत सरकार यह तय करने के लिए कौन सा मापदंड अपना रही है।
5 दिन जब संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले आए
दिन | मामले |
05 मई | 2966 |
04 मई | 3900 |
03 मई | 2676 |
02 मई | 2567 |
01 मई | 2396 |
26 राज्य, 7 केंद्र शासित प्रदेशों में फैला संक्रमण
कोरोनावायरस का संक्रमण देश के 26 राज्यों में फैला है। 7 केंद्र शासित प्रदेश भी इसकी चपेट में हैं। इनमें दिल्ली, चंडीगढ़, अंडमान-निकोबार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पुडुचेरी और दादर एंड नगर हवेली शामिल हैं।
राज्य | कितने संक्रमित | कितने ठीक हुए | कितनी मौत |
महाराष्ट्र | 15525 | 2819 | 617 |
गुजरात | 6245 | 1381 | 368 |
दिल्ली | 5104 | 1468 | 64 |
मध्यप्रदेश | 3049 | 1000 | 176 |
राजस्थान | 3240 | 1536 | 90 |
तमिलनाडु | 4058 | 1485 | 33 |
उत्तरप्रदेश | 2880 | 987 | 56 |
आंध्रप्रदेश | 1777 | 729 | 36 |
तेलंगाना | 1096 | 628 | 29 |
पश्चिम बंगाल | 1344 | 264 | 140 |
जम्मू-कश्मीर | 741 | 320 | 8 |
कर्नाटक | 692 | 345 | 29 |
केरल | 503 | 462 | 4 |
पंजाब | 1451 | 133 | 25 |
हरियाणा | 555 | 256 | 6 |
बिहार | 536 | 134 | 4 |
ओडिशा | 180 | 61 | 1 |
झारखंड | 125 | 27 | 3 |
उत्तराखंड | 61 | 39 | 1 |
हिमाचल प्रदेश | 42 | 34 | 3 |
असम | 45 | 33 | 1 |
छत्तीसगढ़ | 59 | 36 | 0 |
चंडीगढ़ | 115 | 21 | 1 |
अंडमान-निकोबार | 33 | 32 | 0 |
लद्दाख | 42 | 17 | 0 |
मेघालय | 12 | 10 | 1 |
पुडुचेरी | 12 | 6 | 0 |
गोवा | 7 | 7 | 0 |
मणिपुर | 2 | 2 | 0 |
त्रिपुरा | 42 | 2 | 0 |
अरुणाचल प्रदेश | 1 | 1 | 0 |
दादर एंड नगर हवेली | 1 | 1 | 0 |
मिजोरम | 1 | 0 | 0 |
ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कुल संक्रमित 49 हजार 391 हैं। 33 हजार 514 का इलाज चल रहा है। 14 हजार 182 ठीक हो चुके हैं और 1694 की मौत हुई।
5 राज्य और 1 केंद्र शासित प्रदेश का हाल
- मध्यप्रदेश, संक्रमित- 3049: मध्यप्रदेश सरकार ने बुधवार को बताया कि 1984 गैस त्रासदी के उन पीड़ितों की स्क्रीनिंग करने का फैसला किया गया है, जो पहले गंभीर रूप से बीमार थे। अगर जांच में कोरोना संक्रमण दिखे तो इन्हें आइसोलेट भी किया जाएगा। भोपाल में कोरोना संक्रमण से 19 लोगों की मौत हो चुकी है।
- उत्तरप्रदेश, संक्रमित- 2998: बुधवार शाम 6 बजे तक यहां 118 नए मामले सामने आए। राज्य में कुल संक्रमित दो हजार 998 हो गए हैं। 1808 एक्टिव हैं। 1130 डिस्चार्ज किए जा सकते हैं। कुल 60 संक्रमितों की मौत हुई। जानकारी राज्य स्वास्थ्य विभाग ने जारी की है।
- महाराष्ट्र, संक्रमित- 16758: यहां 24 घंटे में 1 हजार 233 नए मामले सामने आए। ये एक दिन में अब तक दर्ज किए गए सबसे ज्यादा केस हैं। इसी दौरान 34 संक्रमितों की मौत हुई। मरने वालों का कुल आंकड़ा 651 हो गया है।
- राजस्थान, संक्रमित- 3240: राजस्थान में बुधवार को 82 नए कोरोना संक्रमित मिले। एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसके साथ राज्य में मरने वालों की तादाद 90 हो गई है। चिकित्सा विभाग के अनुसार, जयपुर में 27, जोधपुर में 32, अजमेर चार, पाली में सात, डूंगरपुर में दो, धौलपुर में दो सवाई माधोपुर, भरतपुर ,चित्तौड़गढ़ और अलवर में एक-एक नया कोरोना संक्रमित सामने आया।
- बिहार, संक्रमित- 536: यहां बुधवार को पुर्णिया जिले में एक कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला। इसके साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या 536 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राज्य के 32 जिले कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। सबसे ज्यादा 102 मरीज मुंगेर जिले में हैं।
- दिल्ली, संक्रमित- 5104: दिल्ली पुलिस ने बुधवार को बताया कि राजधानी के भारत नगर थाने के कॉन्स्टेबल अमित की मंगलवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें आरएमएल अस्पताल में भर्ती किया गया था। जहां उनकी मौत हो गई। अमित की कोरोना रिपोर्ट आना बाकी है। उधर, केन्द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि वह कोरेाना से संबंधित आंकड़ों की जानकारी बुधवार से एक बार ही उपलब्ध कराएगा। इससे पहले सुबह और शाम को मंत्रालय की वेबसाइट पर दो बार कोरोना संक्रमण से जुड़ी जानकारी दी जाती थी।
ओडिशा : स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, राज्य में कुल 185 मामले हैं। 122 एक्टिव केस हैं। 2 संक्रमितों की मौत हुई है। 61 अब ठीक हैं। इन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है।
केरल : सीएम पिनरई विजयन के मुताबिक, “बुधवार को कोई नया मामला सामने नहीं आया। अब तक 502 केस दर्ज हुए। इनमें से 30 एक्टिव हैं।”