काेराेना का कहर / उज्जैन में 15 और संक्रमित मिले, 2 की जान गई; शहर में अब तक 235 केस

काेराेना का कहर / उज्जैन में 15 और संक्रमित मिले, 2 की जान गई; शहर में अब तक 235 केस





टोटल लॉकडाउन में अब पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। सुबह कुछ लोग शहर में बेवजह घूमने निकले। पुलिस ने जब इन्हें रोका तो कुछ पास दिखाने लगे। पुलिस ने पास अमान्य करते हुए इन लोगों को खदेड़ दिया।






  • हाॅटस्पाॅट बन चुके जिले में अब तक 106 लोग ठीक होकर घर रवाना हुए

  • कंटेनमेंट क्षेत्रों से जुड़े 13 वार्डों में पहले दिन 2603 लोगों का सर्वे किया गया


उज्जैन. जिले में काेरोना का कहर जारी है। शनिवार को 15 नए मामले सामने आए। वहीं, दो लोगों के मौत की भी पुष्टि हुई। जिले में अब संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 235 हो गया है। इस वायरस से अब तक 45 लोग जान गंवा चुके हैं। राहत की बात यह है कि अब तक 106 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। हाॅटस्पाॅट बन चुके उज्जैन में पिछले 6 दिन में 78 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले, लेकिन राहत इस बात की है कि यहां इन पांच दिनों में 89 मरीज ठीक हो गए। 


आरडी गार्डी, माधव नगर अस्पताल और मक्सी रोड स्थिति पीटीसी में बनाए क्वारैंटाइन सेंटर में पॉजिटिव मरीजों को रखा है। यहां से शुक्रवार को 29 मरीज डिस्चार्ज किए। इनमें 89 साल के बुजुर्ग भी हैं। शहर में पहले लॉकडाउन के पहले दिन से ही मरीज मिलना शुरू हो गए थे। हालांकि पहले लॉकडाउन में कुल 27 मरीज मिले थे, लेकिन ठीक 4 हुए। रिकवरी 14% थी। दूसरे लॉकडाउन में 130 पॉजिटिव और मिल गए पर ठीक होने वालों की संख्या 13 से ज्यादा नहीं हुई। तीसरे लॉकडाउन में मरीजों की संख्या कम हुई है। रिकवरी बढ़ गई है।


इंदौर में रहने वाले महिदपुर के पूर्व जनपद अध्यक्ष भी पॉजिटिव
सीएमएचओ डॉ. अनुसुइया गवली ने बताया कि दूधतलाई क्षेत्र के 65 साल के बुजुर्ग, बेगमबाग के 30 साल की महिला, 10 साल, 14 साल, 12 साल, 14 साल का बालक, कुरैशी मोहल्ला के 38 साल के युवक, कोट मोहल्ला की 40 साल की महिला, सखीपुरा की 54 साल की महिला, 70 साल की महिला, बड़नगर की 40 साल की महिला, 65 साल की महिला, 35 साल की महिला, 7 साल का बच्चा, 55 साल की महिला, 26 साल की महिला, 36 साल की महिला, 35 साल की महिला पॉजिटिव पाई है। उधर, इंदौर के रहने वाले महिदपुर के पूर्व जनपद अध्यक्ष शिवलाल बोराना कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। वे इंदौर के अस्पताल में भर्ती हैं।