एमपी, यूपी, बिहार में 3 हादसे / 16 मजदूरों की मौत; मुजफ्फरनगर में बस ने कुचला, 6 की मौत; गुना में 8 की जान गई; समस्तीपुर में 2 ने दम तोड़ा

एमपी, यूपी, बिहार में 3 हादसे / 16 मजदूरों की मौत; मुजफ्फरनगर में बस ने कुचला, 6 की मौत; गुना में 8 की जान गई; समस्तीपुर में 2 ने दम तोड़ा





मुजफ्फरनगर में हादसा रात 11:45 बजे हुआ। पुलिस ने बताया कि 10 मजदूर पंजाब से बिहार जा रहे थे। हादसे के बाद मजदूरों का सामान सड़क पर बिखरा हुआ।






  • उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्टेट हाईवे पर घलौली चैकपोस्ट से आगे रोहाना टोल प्लाजा के नजदीक हादसा हुआ

  • मध्य प्रदेश के गुना में रात 2 बजे हादसा हुआ, मारे गए सभी मजदूर उत्तर प्रदेश के थे


मुजफ्फरनगर. मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार में तीन हादसों में 16 मजदूरों की मौत हो गई। मध्य प्रदेश के गुना में बस और कंटेनर की टक्कर में 8 मजदूरों की मौत हुई। 54 जख्मी हो गए। हादसा देर रात दो बजे बाइपास मार्ग पर हुआ। यह सभी लोग उत्तरप्रदेश के उन्नाव जिले जा रहे थे।


उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में बुधवार देर रात रोडवेज की बस ने 6 मजदूरों कि कुचल दिया। ऐसा ही एक हादसा बिहार में भी हुआ। यहां भी प्रवासियों की बस ट्रक से टकराई। दो लोगों की जान चली गई।


मध्य प्रदेश: सभी मजदूर महाराष्ट्र से लौट रहे थे  


मध्य प्रदेश के गुना में मारे गए यह मजदूर महाराष्ट्र से लौट रहे थे। एक कंटेनर में सवार थे। यह सभी लोग उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले की तरफ जा रहे थे। मरने वालों की पहचान इब्राहीम, अजीत, अर्जुन, वसीम, रमेश और सुधीर के रूप में हुई है। दो अन्य की पहचान नहीं हुई है।


उत्तर प्रदेश: हादसा देर रात हुआ, 4 जख्मी 



  • उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में बुधवार देर रात 11:45 बजे रोडवेज बस ने पैदल जा रहे मजदूरों को कुचल दिया। इस हादसे में छह लोगों की मौके पर भी मौत हो गई। जबकि चार जख्मी हो गए। इनमें से दो घायलों को इलाज के लिए मेरठ भेजा गया है।

  • पुलिस ने बताया कि 10 मजदूर पंजाब से बिहार जा रहे थे। मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्टेट हाईवे पर घलौली चैकपोस्ट से आगे रोहाना टोल प्लाजा के नजदीक पहुंचे थे कि तेज रफ्तार रोडवेज बस ने कुचल दिया। हादसे के बाद ड्राइवर फरार हो गया।  

  • मारे गए सभी मजदूर बिहार के गोपालगंज के रहने वाले थे। इनकी शिनाख्त हरेक सिंह (52), विकास (22), गुड्डू (18), वासुदेव (22), हरीश साहनी (42) और वीरेंद्र (28) के तौर पर हुई है। वहीं, सुशील और रामजीत के अलावा दो अन्य भी इस हादसे में जख्मी हुए। इन्हें मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।


बिहार: प्रवासी मजदूरों की बस मुजफ्फरपुर से कटिहार जा रही थी
बिहार के समस्तीपुर के पास प्रवासी मजदूरों की बस ट्रक से टकरा गई। यह हादसा भी देर रात हुआ। इसमें दो लोग मारे गए और 18 जख्मी हो गए। बस मुजफ्फरपुर से कटिहार जा रही थी। बस में 32 मजदूर सवार थे।