उज्जैन में 7 और  कोरोना पॉजिटिव मिले


- अब तक कुल 126 लोग संक्रमित, 20 लोगों की जान गई

उज्जैन। शहर में सोमवार को 13 मरीज पॉजिटिव आने के बाद मंगलवार को 7 और मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई। इसके साथ ही जिले में पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 126 हो गया है। वहीं मौत का आंकड़ा 20 हो गया है। सोमवार को आई रिपोर्ट में तीन मरीज ऐसे हैं, जिनकी पहले मौत हो चुकी है। 
सीएमएचओ डॉ. अनुसुइया गवली ने बताया उज्जैन में पॉजिटिव पाए 3 मरीज बेगमबाग क्षेत्र के हैं, जिसमें एक महिला 30 साल, 45 साल के व्यक्ति, 32 साल की महिला है। इनके अलावा वल्लभ भाई पटेल मार्ग निवासी 61 साल की महिला पॉजिटिव पाई गई है। 40 साल की महिला निवासी बेगमबाग व 28 साल की महिला भी पॉजिटिव है, जिनमें 3 सदस्य आरआर टीम में शामिल डॉक्टर के परिवार के हैं।
बडऩगर के वेद परिवार के चार लोग पॉजिटिव
बडऩगर के वेद परिवार के चार लोग पॉजिटिव पाए गए हैं, जिनमें 61 साल के बुजुर्ग, 61 साल की महिला व 54 साल की महिला शामिल है। इनके अलावा 7 साल का एक बच्चा और 60 साल की एक महिला भी संक्रमित पाई गई है, जो बडऩगर के रहने वाले हैं। इनमें खजूरवाली मस्जिद क्षेत्र की 30 साल की महिला, बेगमबाग क्षेत्र के 49 साल के व्यक्ति और बडऩगर के 67 साल के बुजुर्ग की मौत हो चुकी है।
जिले में प्रत्येक 19वें संदिग्ध मरीज में कोरोना संक्रमण की पुष्टि
उज्जैन जिले में प्रत्येक 19वें संदिग्ध मरीज में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो रही है। स्वास्थ्य विभाग ने 35 दिन यानी सोमवार तक 2,666 लोगों के सैंपल लिए। इसमें से 2,259 की रिपोर्ट आ चुकी है। इनमें 120 पॉजिटिव मिले। अभी 407 मरीजों की रिपोर्ट आना बाकी है। यदि पॉजिटिव आने की रफ्तार यही मानी जाए तो 407 में से 20 से ज्यादा मरीज और संक्रमित मिल सकते हैं। इधर स्वास्थ्य विभाग रोज औसतन 100 से ज्यादा लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज रहा है। अच्छी बात यह है कि पुलिस और प्रशासन की सख्ती के चलते शहर का ज्यादातर हिस्सा कोरोना संक्रमण से बचा हुआ है।