सेंट्रल जेल का प्रहरी और एक कैदी निकले पॉजिटिव, जेल में संक्रमितों का आकड़ा बढ़कर हुआ 8

सेंट्रल जेल का प्रहरी और एक कैदी निकले पॉजिटिव, जेल में संक्रमितों का आकड़ा बढ़कर हुआ 8
- दोनों अस्पताल में भर्ती, सेंट्रल जेल में अब तक 7 कैदी और एक जेल पहरी कोरोना का शिकार
फोटो इंदौर कोरोना
 इंदौर। सेंट्रल जेल में भी कोरोना पॉजिटिव की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को फिर एक रिपोर्ट आई, जिसमें जेल के एक प्रहरी और एक बंदी की पॉजिटिव होने की बात सामने आई है। हालांकि दोनों को कुछ दिन पहले ही उपचार के लिए भेज दिया गया था। उधर, जेल में सर्दी-खांसी और बुखार आने वाले 16 संदिग्ध कैदियों को अस्थाई जेल में शिफ्ट किया गया है।
सेंट्रल जेल के अधीक्षक राकेश भांगरे ने बताया कि उनके यहां का प्रहरी नितिन शर्मा और एक बंदी धर्मेंद्र की पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। नितिन की 17 अप्रैल को तबीयत खराब हुई थी। उसे चक्कर आने लगे और सर्दी होने के साथ तेज बुखार आ गया था। उसका इलाज चल रहा था। वहीं, बंदी धर्मेंद्र को भी संक्रमण के लक्षण दिखने पर 21 को न्यू चेस्ट सेंटर में भर्ती करवाया गया था। अब यहां के कुल 7 कैदी और एक प्रहरी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। अधीक्षक के अनुसार जेल में लगातार स्क्रीनिंग करवाई जा रही है, जिसमें सर्दी-खांसी और बुखार के लक्षण वाले कैदियों को अस्थाई जेल भेजा जा रहा है। शुक्रवार को ऐसे 16 कैदी शिफ्ट किए गए हैं।
समान नाम होने से रोने लगा प्रहरी
पता चला है कि जेल में एक प्रहरी का नाम भी धर्मेंद्र है। उसकी स्क्रीनिंग के बाद रिपोर्ट आना बाकी है। शुक्रवार सुबह जब कोरोना पॉजिटिव में बंदी धर्मेंद्र का नाम आया तो प्रहरी को लगा कि उसकी रिपोर्ट है। फिर वह रोने लगा और मायूस हो गया। उसे समझाया गया। फिर रिपोर्ट की दोबारा जानकारी ली तो खुलासा हुआ कि वह कैदी धर्मेंद्र की रिपोर्ट है जो अस्पताल में भर्ती है। इसके बाद ही प्रहरी की जान में जान आई।