बारिश के चलते रायगढ़ में बहा नवनिर्मित पुल


- ट्रेलर नीचे गिरने से चालक की मौत
- कांकेर में 6 ग्रामीण बाढ़ में फंसे
रायपुर. राजधानी रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में मंगलवार शाम से फिर लगातार बारिश का दौर जारी है। राजधानी में जहां बुधवार सुबह से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने मौसम को खुशनुमा कर दिया है।, वहीं रायगढ़ में नवनिर्मित पुल बह जाने से ट्रेलर नीचे गिर गया। इसके चलते चालक की मौत हो गई। वहीं कांकेर में बाढ़ के चलते 6 ग्रामीण देर रात से फंसे हुए हैं। उनको बचाने के लिए शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन अभी तक जारी है। 
पानी के तेज बहाव में बह गई कार, पांच लोगों को बचाया गया, ट्रक चालक अभी भी नीचे दबा। रायगढ़ में मंगलवार रात से हो रही तेज बारिश के नदी-नाले उफान पर हैं। तमनार घरघोड़ा रोड देवगढ़ में पुल बहने से ट्रेलर पुलिया के नीचे गिर गया। इससे चालक की मौत हो गई। उसका शव अभी भी दबा हुआ है। इस सड़क और पुल का निर्माण इसी साल हुआ था। पहली बारिश में ही पुल बहने से ये हादसा हुआ है। वहीं पानी के तेज बहाव से एक कार बह गई, लेकिन उसमें सवार पांच लोगों को बचा लिया गया है। कांकेर जिले के पंखाजूर में 6 ग्रामीण तेज बाढ़ में मंगलवार रात से फंसे हुए हैं। पीवी- 71 के यह सभी ग्रामीण मेंढकी नदी में मछली पकडऩे के लिए गए थे। इसी दौरान आई तेज बाढ़ में फंस गए। जान बचाने के लिए लोग पेड़ पर चढ़े हुए हैं। नदी में आई बाढ़ की वजह से इलाका टापू बन गया है। इनमे से एक ग्रामीण ने जैसे-तैसे नाव के जरिए अपनी जान बचाई और गांव आकर लोगों की घटना की जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलते ही लोगों ने पुलिस को इसके बारे में बताया। सूचना मिलने के बाद भी अंदरूनी इलाका होने के कारण बुधवार सुबह रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जा सका। सुबह तहसीलदार और होम गार्ड के जवान मौके पर पहुंच गए हैं। फिलहाल लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है। पिछले 18 घंटों से ग्रामीण इसी टापू में फंसे हुए हैं। अचानक आई बाढ़ के बाद ग्रामीणों ने पेड़ पर चढ़कर अपनी जान बचाई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे में जिन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी थी उनमें महासमुंद, गरियाबंद, धमतरी, कांकेर, नारायणपुर,कोंडागांव और बस्तर संभाग के कुछ जिले शामिल हैं। इसके साथ ही मौसम विभाग ने सरगुजा, सूरजपुर, रायगढ़, बिलासपुर, जांजगीर, कोरबा, रायपुर, बलोदा बाजार, सुकमा, दंतेवाडा और बीजापुर शामिल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।