कोरोना देश में LIVE / महाराष्ट्र, दिल्ली, तमिलनाडु में 70 हजार एक्टिव केस, यह कुल एक्टिव केस का 60.57%; देश में अब तक 2.37 लाख केस

कोरोना देश में LIVE / महाराष्ट्र, दिल्ली, तमिलनाडु में 70 हजार एक्टिव केस, यह कुल एक्टिव केस का 60.57%; देश में अब तक 2.37 लाख केस



 




  • देश में कोरोना संंक्रमण से 6650 मौतें, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 2849 की जान गई

  • स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 1 लाख 37 हजार 938 सैंपल की जांच की गई


नई दिल्ली. देश में कोरोना मरीजों की संख्या 2 लाख 37 हजार 754 हो गई है। ये आंकड़े Covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। उधर, केंद्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी शनिवार को कोरोना के आंकड़े जारी किए। इसके मुताबिक, पिछले 24 घंटों में 9887 केस सामने आए। वहीं, 294 लोगों की मौत हुई। इस दौरान देश में संक्रमितों की संख्या 2 लाख 36 हजार 657 हो गई। एक लाख 14 हजार 073 स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, 6642 लोगों की जान चली गई है।


स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में 1 लाख 15 हजार 942 एक्टिव केस हैं। इनमें से महाराष्ट्र, दिल्ली और तमिलनाडु में कोरोना के 70235 सक्रिय मामले हैं, जो कि कुल सक्रिय मामलों का 60.57% है।


कोरोना अपडेट्स



  • स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले 6 दिनों में कोरोना की जांच के लिए ने 66 नई लैब खोली गई हैं। इनमें 48 सरकारी और 18 प्राइवेट हैं। अब इनमें हर रोज 10 हजार से ज्यादा सैंपल की जांच हो सकेगी। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 1 लाख 37 हजार 938 सैंपल की जांच की गई। अब तक देश में 45 लाख 24 हजार 317 लोगों का कोरोना टेस्ट हो चुका है।

  • इन्फोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ईडी) के 3 अफसर और 2 संविदा कर्मचारियों का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया। दिल्ली के लोक नायक भवन स्थित मुख्यालय का यह मामला है। शुक्रवार को बिल्डिंग को सैनिटाइज किया गया है। ऑफिस आज भी यह सील रहेगा।

  • राजस्थान देश का पांचवां राज्य बन गया है, जहां कोरोना के मामले 10 हजार से ज्यादा हो गए हैं। राज्य में अब तक 218 लोगों की संक्रमण से मौतें हुईं।

  • उत्तराखंड की राजधानी देहरादून आज बंद है। राज्य सरकार ने फैसला किया है कि जरूरी सेवाओं को छोड़कर हफ्ते में 2 दिन शनिवार और रविवार को शहर बंद रहेगा। पूरे शहर में पुलिस गश्त कर रही है।

  • दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राजधानी का कोई भी अस्पताल कोरोना के संदिग्धों की जांच करने से इनकार नहीं करेगा। अगर ऐसा किया तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जांच के बाद अगर मरीज कोरोना पॉजिटिव पाया जाता है, तो फिर नियम के मुताबिक उसका इलाज किया जाएगा।

  • पंजाब सरकार की गाइडलाइंस के मुताबिक, 8 जून से धार्मिक स्थल सुबह 5 बजे से रात 8 बजे के बीच ही खुलेंगे। पूजा के समय लोगों की तादाद 20 से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। होटल, रेस्तरां और शॉपिंग मॉल्स को खोलने को लेकर भी सरकार ने गाइडलाइंस जारी की हैं। रेस्तरां सिर्फ टेक अवे और होम डिलिवरी की सुविधा के लिए ही खुलेंगे।


5 दिन जब सबसे ज्यादा मामले आए






























तारीख


केस
5 जून9462
4 जून9838
3 जून9638
2 जून8820 
31 मई8789

निजी अस्पतालों को केजरीवाल की चेतावनी
दिल्ली में बढ़ते कोरोनावायरस के मामलों के बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्राइवेट अस्पतालों को चेतावनी दी है। डिजिटल प्रेस काॅन्फ्रेंस में केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में निजी अस्पतालों को पैसे कमाने के लिए नहीं बनवाया है। सेवा करने के लिए बनवाया था। दिल्ली में सभी अस्पताल मरीजों की देखभाल कर रहे हैं। लेकिन कुछ अस्पताल गलत हरकत कर रहे हैं। मरीजों के लिए बेड होते हुए भी मना करते हैं। फिर ज्यादा पैसे की शर्त पर बेड उपलब्ध कराते हैं। ऐसे अस्पताल संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्हें कोरोना का इलाज भी करना ही पड़ेगा। दिल्ली सरकार ने अस्पतालों में बेड की शिकायतों के लिए एक एप्प लॉन्च किया है। इसमें अस्पताल से जुड़ी जानकारियां हैं।


भारत इटली से आगे निकला


इसके साथ संख्या के लिहाज से भारत कोरोना से बुरी तरह प्रभावित रहे इटली से आगे निकल गया है। भारत अब छठवें जबकि इटली सातवें स्थान पर है। भारत में शनिवार सुबह तक 2 लाख 36 हजार 184 मामले थे। जबकि इसी दौरान इटली में यह आंकड़ा 2 लाख 34 हजार 531 था। हालांकि, मौतों के मामले में काफी अंतर है। भारत में 6 हजार 649 जबकि इटली में 33 हजार 774 लोगों ने दम तोड़ा है। 


5 राज्यों का हाल
मध्य प्रदेश: भोपाल  के स्वास्थ्य अफसर ने बताया कि भोपाल में शनिवार को 39 नए कोरोना संक्रमित मिले। इसके बाद राजधानी में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1721 हो गई है। वहीं, 784 सैंपल निगेटिव आए। भोपाल जिले में अब तक 61 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। वहीं, आज चिरायु अस्पताल से 28 लोगों को छुट्टी दे दी गई।


उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश में शनिवार सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक, 24 घंटे में कोविड-19 के 502 नए मामले सामने आए हैं। यह एक दिन में यूपी में मिले संक्रमितों की अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। इसके बाद राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 9733 हो गई है। 


महाराष्ट्र: महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में पुलिसकर्मियों के संक्रमित होने का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। हालांकि, दो पुलिसकर्मियों की संक्रमण से जान चली गई। महाराष्ट्र पुलिस के मुताबिक, राज्‍य में कुल संक्रमित पुलिसकर्मियों की संख्‍या 2,561 तक पहुंच गई है। अब तक 33 जवानों की मौत हो चुकी है।


राजस्थान: राजस्थान में शनिवार को 44 नए कोरोना पॉजिटिव मिले। इनमें पाली में 14, चूरू में 10, जयपुर में 9, कोटा में 3, बीकानेर, दौसा, धौलपुर, जोधपुर, चित्तौड़गढ़, बारां, भीलवाड़ा और दूसरे राज्यों से आए 1-1 व्यक्ति संक्रमित मिले। जिसके बाद राज्य में कुल पॉजिटिव की संख्या 10128 पहुंच गई। कोटा में एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया है। राज्य में इस बीमारी से मरने वालों का आंकड़ा 219 हो गया है।


बिहार: प्रदेश बिहार के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि शनिवार को राज्य में 147 पॉजिटिव केस मिले। इसके साथ कुल संक्रमितों की संख्या 4936 हो गई है। शुक्रवार को 146 नए मरीज मिले और एक की मौत हुई थी। अब तक 88313 सैंपल की जांच हो चुकी है।