महाराष्ट्र: लॉकडाउन फेज-3 का 10वां दिन / सरकार का 17 हजार कैदियों को अस्थायी पैरोल पर छोड़ने का फैसला; 42 हजार प्रवासी मजदूरों को उनके गृह राज्य भेजा

महाराष्ट्र: लॉकडाउन फेज-3 का 10वां दिन / सरकार का 17 हजार कैदियों को अस्थायी पैरोल पर छोड़ने का फैसला; 42 हजार प्रवासी मजदूरों को उनके गृह राज्य भेजा





कर्नाटक में उद्योग बंद होने की वजह से अपने घरों के लिए निकले कुछ प्रवासी मजदूर परिवार के साथ मंगलवार को कोल्हापुर पहुंचे।






  • राज्य के कैदियों को अस्थायी पैरोल पर छोड़ने का फैसला ऑर्थर रोड जेल में संक्रमण के 185 केस आने के बाद लिया गया

  • महाराष्ट्र में बुधवार को संक्रमण के 1026 नए मामले सामने आए, इसके साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या 24,427 हो गई


मुंबई. महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि ड्यूटी के लंबे घंटे होने की वजह से पुलिसकर्मी थक गए हैं। इससे उन्हें मानसिक और शारीरिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा, कई पुलिसकर्मी पॉजिटिव भी मिले हैं। 25 मई को ईद भी आ रही है। इसलिए राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीएपीएफ की 20 कंपनियों की आवश्यकता होगी।



महाराष्ट्र सरकार ने राज्यभर की जेलों में बंद कुल 35 हजार कैदियों में 17 हजार को अस्थायी पैरोल पर छोड़ने का फैसला लिया है। देशमुख ने बताया कि सरकार ने यह फैसला हाल में मुंबई की ऑर्थर रोड जेल में 185 कैदियों के संक्रमित पाए जाने के बाद लिया है। सरकार की तरफ से बताया गया कि 5000 विचाराधीन कैदियों को पहले ही छोड़ा जा चुका है। 


मुंबई से 35 ट्रेनें मजदूरों को लेकर गईं 
राज्य के गृह विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि लगभग 42 हजार प्रवासी मजदूर महाराष्ट्र से 35 ट्रेनों के जरिए अपने गृह राज्यों में भेजे गए। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस महीने की शुरुआत में अपने-अपने राज्यों में लॉकडाउन के कारण फंसे लोगों के लिए श्रमिक स्पेशल ट्रेन शुरू की हैं।


राज्य में पॉजिटिव होने का रेट 12%



  • महाराष्ट्र में कोरोना का पॉजिटिव रेट 12 प्रतिशत तक पहुंच चुका है। अब हर 100 सैंपल में से 12 सैंपल पॉजिटिव आ रहे हैं। शनिवार तक पॉजिटिव रेट 9 प्रतिशत और 20 अप्रैल तक 5 प्रतिशत था। डॉक्टरों के अनुसार, आने वाले समय में इसमें और बढ़ोतरी हो सकती है।  

  • महाराष्ट्र में लॉकडाउन के उल्लंघन के मामले में अब तक एक लाख 4 हजार मामले दर्ज किए गए हैं। इस संबंध में 19 हजार 838 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गृह मंत्री देशमुख ने बताया कि पुलिस पर हमले के 212 मामले सामने आए हैं। इस संबंध में 750 लोगों को पकड़ा गया। 



कोरोना अपडेट्स 



  • धारावी: एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती धारावी में बुधवार सुबह 46 नए संक्रमित मिले। वहीं, एक व्यक्ति की मौत हो गई। यहां अब तक 962 केस मिले और मरने वालों की संख्या बढ़कर 31 हो गई।

  • मुंबई: सिवरी पुलिस स्टेशन में तैनात एएसआई मुरलीधर शंकर वाघमारे की कोरोना से मौत हो गई। अब तक महाराष्ट्र पुलिस डिपार्टमेंट के 8 लोगों की कोरोना से जान गई। इसमें 5 पुलिसकर्मी मुंबई के हैं जबकि एक-एक पुणे, सोलापुर और नासिक ग्रामीण से हैं। महाराष्ट्र में 90 अधिकारियों समेत 819 पुलिसकर्मी संक्रमण की चपेट में हैं। इनमें मुंबई पुलिस विभाग के 400 पुलिसकर्मी शामिल हैं

  • नांदेड़: शहर में फंसे 10 और प्रवासी नागरिकों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 42 हो गई है। वहीं, यहां मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 2 तक पहुंच गया है।  



लॉकडाउन की वजह से युवक ने की खुदकुशी 

नवी मुंबई में 25 साल के एक युवक ने अकेलेपन की वजह से मंगलवार को खुदकुशी कर ली। सूरज सुरवे नामक यह युवक कोपर खैराने के सेक्टर चार इलाके में स्थित अपने घर में पंखे से लटका मिला। युवक इंजीनियर था और लॉकडाउन की वजह से घर से ही काम कर रहा था जबकि उसका परिवार अपने गृह नगर में फंसा था। पुलिस को घटनास्थल से सुसाइड नोट मिला है जिसमें उसने लिखा है कि वह अकेला था और लॉकडाउन की वजह से परिवार से नहीं मिल पा रहा था।